अजयारविंद नामदेव, शहडोल। शहडोल जिले के सिंहपुर थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब कटहा नाला के पास स्थित खेतों के आसपास 5 से अधिक गौवंश मृत अवस्था में मिले। आरोप है कि सब्जी फार्मिंग में उपयोग किए गए कीटनाशक और रसायन युक्त पदार्थों के सेवन से गौवंशों की मौत हुई है। घटना के बाद पशुपालकों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। एक साथ 5 से अधिक गौवंशों की मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। पशुपालकों को हुए भारी नुकसान के बीच ग्रामीण अब जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। जांच रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
READ MORE: दर्दनाक हादसाः आंगन में खेलते-खेलते पानी की टंकी में गिरा एक साल का मासूम, डूबने से मौत
जिले के सिंहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंहपुर-बोड़री मार्ग पर कटहा नाला के पास स्थित एक खेत में दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां संदिग्ध परिस्थितियों में 5 से अधिक गौवंशों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए सिंहपुर थाने का रुख किया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में सब्जी फार्मिंग का कार्य करने वाले एक किसान द्वारा खेतों में भारी मात्रा में कीटनाशक एवं अन्य रासायनिक पदार्थों का उपयोग किया गया था। बताया जा रहा है कि खेत में पेस्टीसाइड युक्त सामग्री और रसायन मिश्रित पानी खुले में पड़ा हुआ था,इसी जहरीले पदार्थ का सेवन करने अथवा रसायन युक्त पानी पीने से गौवंशों की मौत हुई है।
READ MORE: रेलवे ट्रैक पर मिला आरक्षक का शव: पत्नी रहती थी अलग, पारिवारिक कारणों के चलते एक दिन पहले मांगी थी छुट्टी
घटना में किसान हेमराज पटेल, रुद्र बैगा, परवी बाई, राधा पटेल सहित अन्य ग्रामीणों के मवेशियों की मौत होने की बात सामने आई है। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में गौवंशों की मौत से पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि खेत में उपयोग किए जा रहे रसायनों का सुरक्षित निस्तारण किया जाता तो यह घटना टाली जा सकती थी। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए, मृत गौवंशों को देखकर लोगों में गहरा आक्रोश देखा गया, ग्रामीणों ने संबंधित किसान की लापरवाही को इस हादसे का जिम्मेदार बताते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच और कठोर कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल मामले की शिकायत सिंहपुर थाने में की गई है। पुलिस और संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा घटना की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही गौवंशों की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। वहीं इस मामले में सिंहपुर थाना प्रभारी आशीष झरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि मामले की जानकारी मिली मामले की जांच की जा रही है।

