Automobile Desk: भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में अपनी मजबूत पकड़ बना चुकी टोयोटा इनोवा हाइक्रॉस अब एक नए और पहले से भी ज्यादा आकर्षक रूप में सामने आने के लिए तैयार है। साल 2022 के अंत में पहली बार सड़क पर उतरी इस लोकप्रिय प्रीमियम एमपीवी को लॉन्च हुए अब लगभग चार साल का समय बीत चुका है। खबर है कि जापानी कार निर्माता कंपनी 26 नवंबर 2026 को इसके फेसलिफ्ट मॉडल से पर्दा उठा सकती है। इस नए अपडेटेड वर्जन में न केवल बाहरी और अंदरूनी बनावट में फ्रेश टच देखने को मिलेगा, बल्कि कंपनी इसमें बेहद चर्चित E85 फ्लेक्स-फ्यूल हाइब्रिड इंजन का विकल्प भी पेश कर सकती है।

यदि आप इस कार को खरीदने का मन बना रहे हैं, तो इसके लिए आपको करीब 20 लाख रुपये से लेकर 33 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बजट की योजना बनानी होगी। हालांकि टोयोटा की तरफ से अभी तक लॉन्च की तारीख, सटीक फीचर्स और कीमतों को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन ऑटो एक्सपर्ट्स और हाल ही में टेस्टिंग के दौरान दिखी गाड़ियों से कई अहम जानकारियां सामने आई हैं।

कैसा होगा नया एक्सटीरियर डिजाइन?
जुलाई 2026 से ही देश की सड़कों पर इस गाड़ी के नए मॉडल को टेस्टिंग के दौरान ढके हुए देखा जा रहा है। तस्वीरों से साफ अंदाजा मिलता है कि सबसे बड़ा बदलाव कार के फ्रंट प्रोफाइल में किया गया है। नए मॉडल में पिकअप ट्रक हाइलक्स (Hilux) की याद दिलाने वाली एक चौड़ी और बोल्ड फ्रंट ग्रिल दी जा सकती है। इसके साथ ही नए डिजाइन वाले ऑल-एलईडी हेडलाइट्स और dynamic टर्न इंडिकेटर्स इसके लुक को और अधिक एग्रेसिव बनाएंगे। साइड प्रोफाइल की बात करें तो कंपनी इसके ओवरऑल बॉडी कट और सिलुएट में कोई बड़ा बदलाव नहीं करेगी, लेकिन वेरिएंट के आधार पर 18 इंच तक के नए स्टाइल वाले अलॉय व्हील्स इसमें जरूर जोड़े जा सकते हैं।

इंटीरियर और टेक फीचर्स में क्या नया मिलेगा?
मौजूदा इनोवा हाइक्रॉस में 10.1 इंच का इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलता है, लेकिन नए फेसलिफ्ट मॉडल में कंपनी ग्राहकों को 12.3 इंच का बड़ा और मॉडर्न टचस्क्रीन डिस्प्ले दे सकती है। यह नया स्क्रीन साइज हालिया हाइलक्स में देखने को मिला है। इसके अलावा, स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड मॉडल के लिए 12.3 इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर भी दिया जा सकता है, जो ड्राइवर को हाइब्रिड सिस्टम और पावर फ्लो की हर बारीक जानकारी देगा। वहीं, स्टैंडर्ड पेट्रोल वेरिएंट में एनालॉग डायल के साथ 7 इंच की एमआईडी स्क्रीन बनी रहेगी। सेफ्टी को ध्यान में रखते हुए एडवांस ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) और कनेक्टेड कार फीचर्स को पहले से ज्यादा रिफाइंड और सटीक बनाया जा रहा है।

इंजन और फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक की संभावना
पावरट्रेन की बात करें तो इसमें मौजूदा 2.0-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन जारी रहेगा, जो 171 bhp की ताकत और 204 Nm का टॉर्क पैदा करता है और CVT गियरबॉक्स से लैस है। वहीं, इसका 2.0-लीटर स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड वर्जन 181 bhp की संयुक्त पावर देता है और e-CVT गियरबॉक्स के साथ आता है। इस हाइब्रिड सेटअप की एआरएआई (ARAI) प्रमाणित माइलेज 23.24 किमी प्रति लीटर है।

इस बार सबसे बड़ा आकर्षण E85 फ्लेक्स-फ्यूल इंजन हो सकता है। टोयोटा ने कुछ समय पहले इसका प्रोटोटाइप दिखाया था जो 85% एथेनॉल और 15% पेट्रोल के मिश्रण पर आसानी से चल सकता है। जून 2026 में देश में E85 ईंधन की शुरुआत के बाद मारुति सुजुकी ने वैगनआर फ्लेक्स-फ्यूल पेश की थी। अब देखना यह होगा कि टोयोटा इस तकनीक को इनोवा हाइक्रॉस फेसलिफ्ट के साथ ही लॉन्च करती है या इसे बाद में एक अलग ट्रिम के रूप में बाजार में उतारेगी।