न्यामुद्दीन अली, अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर धान की रोपाई कर खेत से लौट रहे मजदूरों से भरा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में ट्रैक्टर के इंजन के नीचे दबने से 15 वर्षीय किशोरी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य महिलाएं घायल हो गईं। घटना नवीन सब्जी मंडी अनूपपुर के पास करहीबाह गांव क्षेत्र की है। सामतपुर वार्ड क्रमांक 6 निवासी राजू चौधरी की 15 वर्षीय पुत्री नजर चौधरी की मौके पर ही मौत हो गई।
घायलों में सामतपुर निवासी 25 वर्षीय प्राची चौधरी, शांति चौधरी और 30 वर्षीय सीमा चौधरी शामिल हैं। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टर के अनुसार तीनों महिलाओं के हाथ, पैर और कमर में चोटें आई हैं।
घायलों के अनुसार, सामतपुर मोहल्ले की 6 महिलाएं करहीबाह गांव में केशव राठौर के खेत में धान रोपाई करने गई थीं। दोपहर लौटते समय ट्रैक्टर पर सवार कुछ महिलाएं रील बना रही थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इसी दौरान चालक ने पीछे मुड़कर देखने की लापरवाही की, जिससे ट्रैक्टर बेकाबू होकर पलट गया। पुलिस ने अस्पताल की सूचना पर मृतका के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया है। मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


