अजयारविंद नामदेव, शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पाथर में अवैध रेत परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। इस दौरान मौके पर खड़े ट्रैक्टर को भी भीड़ ने आग के हवाले कर दिया, जो देखते ही देखते धू-धू कर जलने लगा। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी रही और कई गांवों का आवागमन बाधित हो गया। 

READ MORE: भाई बना भाई का कातिल: मामूली विवाद में ले ली जान, आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार  

 रामनिवास साहू अपनी पत्नी माधुरी साहू और शंकर साहू के साथ बाइक से जा रहे थे, बताया जा रहा है कि बाइक पर पति-पत्नी के बीच शंकर साहू बैठा था, इसी दौरान पीछे से रेत से भरा एक ट्रैक्टर तेज रफ्तार में आया और बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई,हादसे में बीच में बैठे शंकर साहू सड़क पर गिर पड़े और ट्रैक्टर के पहिए की चपेट में आ गए, ट्रैक्टर से कुचलने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक चालक रामनिवास साहू और उनकी पत्नी माधुरी साहू गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजे जाने की जानकारी है। 

आरोप है कि ट्रैक्टर मुन्नू शाहू का था जिसमें  अवैध रूप से रेत का परिवहन कर रहा था, दुर्घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया। युवक की मौत की खबर फैलते ही परिजन और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने सड़क पर शव रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। 

READ MORE: साइबर ठगी का नया पैतरा: कैंटोनमेंट बोर्ड के नाम पर उद्योगपतियों को भेजे जा रहे फर्जी परचेज ऑर्डर

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से रेत के अवैध परिवहन की शिकायतें सामने आती रही हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से ऐसे वाहन बेखौफ दौड़ रहे हैं। आक्रोशित भीड़ ने मौके पर खड़े ट्रैक्टर में आग लगा दी, जिससे वाहन पूरी तरह जल गया। सूचना मिलने पर गोहपारू पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया, पुलिस जाम खुलवाने, घायलों के इलाज और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुटी है। मामले में पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि ट्रैक्टर किसका था, रेत कहां से लाई जा रही थी और अवैध परिवहन के पीछे कौन जिम्मेदार है।

वहीं इस पूरे मामले में गोहपारू थाना प्रभारी राजकुमार मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि बाइक सवार पति पत्नी और एक व्यक्ति जो की बाइक में पति पत्नी के बीच बैठा था, इस दौरान एक रेत लोड ट्रैक्टर ने बाइक सवार को ठोकर मारी जिससे बाइक के बीच में बैठा शंकर नामक व्यक्ति की मौत हो गई। नाराज लोग ने शव रखकर विरोध जता रहे , मामले की जांच पड़ताल वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m