संजय पाटीदार, भोपाल। राजधानी के पुराने शहर में मोती मस्जिद के सामने बैरिकेड्स लगाए जाने से व्यापारियों का गुस्सा बढ़ गया है। चौक, लखेरापुरा और आसपास के बाजार बंद कर व्यापारियों ने सड़क पर धरना दिया और बैरिकेड्स हटाने की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि रास्ता बंद होने से ग्राहकों की आवाजाही और कारोबार प्रभावित हो रहा है।
व्यापारी संघ अध्यक्ष अभिषेक जैन ने कहा कि जब तक बैरिकेड्स नहीं हटेंगे हमारा विरोध जारी रहेगा। इससे पहले भी व्यापारी पुलिस-प्रशासन से शिकायत कर चुके है और रैली निकालकर विरोध जता चुके हैं। धरने में भोपाल व्यापारी महासंघ, सराफा एसोसिएशन, राजधानी वस्त्र व्यवसायी संघ, ओल्ड भोपाल होलसेल रेडीमेड संघ ,आजाद मार्केट व्यापारी संघ समेत कई व्यापारी संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए।
व्यापारियों का कहना है कि इकबाल मैदान चौराहे पर बैरिकेडिंग के कारण भोज सेतु से आने वाले वाहन सीधे चौक और लखेरापुरा नहीं पहुंच पाते। उन्हें सदर मंजिल और चिरायु अस्पताल की ओर से लंबा रास्ता तय करना पड़ता है जिससे बाजार में ग्राहकों की संख्या घट रही है।
व्यापारियो ने 1 अगस्त को चौक बाजार की कपड़ा दुकान में लगी आग का भी हवाला दिया। उनका कहना है कि बैरिकेडिंग के कारण दमकल वाहन समय पर नहीं पहुंच सके थे। इसके बावजूद व्यवस्था में बदलाव नहीं किया गया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


