सुशीला देवी,गुरुग्राम। गुरुग्राम यातायात पुलिस की नियमित चेकिंग के दौरान अवैध शराब तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद कर तस्करी के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है।
पुलिस आयुक्त शिवास कविराज के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 28 मई को मेडांटा क्षेत्र में यातायात पुलिस ने ब्लैक फिल्म लगी एक संदिग्ध बलेनो कार को रोककर जांच की। तलाशी के दौरान कार से 48 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब और दो पेटी बीयर बरामद हुई।
मामले में दिल्ली के संतोष पार्क निवासी मुदित शर्मा उर्फ मोनू के खिलाफ थाना सदर में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर शराब के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है।
इसके अगले ही दिन 29 मई को जेनपैक्ट चौक पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध ऑटो को रोका गया। जांच में ऑटो से पांच पेटी अवैध शराब बरामद हुई। सूचना मिलने पर थाना सुशांत लोक पुलिस मौके पर पहुंची और नियमानुसार कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
ट्रैफिक पुलिस का फोकस अब अपराध नियंत्रण पर भी
यातायात पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ट्रैफिक नियमों का पालन करवाने के साथ-साथ अपराध नियंत्रण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। संदिग्ध वाहनों की गहन जांच के चलते कई अवैध गतिविधियों का खुलासा हो रहा है।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के साथ सफर कर रहे वाहन चालकों को अनावश्यक रूप से रोकने से बचा जा रहा है। ऐसे मामलों में नियम उल्लंघन होने पर सीसीटीवी और ऑनलाइन माध्यम से चालान जारी किए जा रहे हैं।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब बिक्री, तस्करी या अन्य संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल 112 या 1095 हेल्पलाइन पर सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

