अजयारविंद नामदेव, शहडोल। शहडोल की सड़कों पर यात्रियों की जान से खिलवाड़ कर रही एक बस पर आखिरकार यातायात पुलिस का शिकंजा कस गया। HR नंबर की यह बस बिना वैध MP रजिस्ट्रेशन, परमिट, फिटनेस और टैक्स के यात्रियों को लेकर शहडोल से रीवा की ओर दौड़ रही थी।

शहडोल यातायात पुलिस ने बस को बीच रास्ते में रोककर यात्रियों को नीचे उतारा और वाहन को जब्त कर लिया। यातायात प्रभारी के इस कार्रवाई से नियमों को ताक पर रखकर बसें दौड़ाने वाले संचालकों में हड़कंप मच गया। 

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दीपक बस सर्विस की यह बस मध्यप्रदेश में यात्रियों का परिवहन कर रही थी, लेकिन उसके दस्तावेजों को लेकर गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। आरोप है कि बस का MP में आवश्यक रजिस्ट्रेशन नहीं कराया गया था और न ही वैध परमिट, फिटनेस तथा टैक्स संबंधी औपचारिकताएं पूरी थीं। 

बताया जा रहा है कि बस में यात्री सवार थे और वह शहडोल से रीवा की ओर जा रही थी, यातायात पुलिस ने बस को रास्ते में रोककर दस्तावेजों की जांच की। नियमों के विपरीत संचालन पाए जाने पर यात्रियों को बस से उतारा गया और वाहन को जब्त कर लिया गया। फिलहाल पुलिस ने बस को जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई के बाद अब परिवहन नियमों की अनदेखी कर यात्री बसों का संचालन करने वाले संचालकों में हड़कंप की स्थिति है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m