हेमंत शर्मा, इंदौर। शहर के रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब एक बुजुर्ग महिला की चलती ट्रेन से उतरने के दौरान दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान चित्तौड़गढ़ निवासी 62 वर्षीय रशीदा बी के रूप में हुई है। वह अपने पति हसैन बोरा के साथ घर लौटने के लिए स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रही थीं।

लेट थी ट्रेन, दूसरी गाड़ी में गईं बाथरूम

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हसैन बोरा और उनकी पत्नी रशीदा वीरभूमि एक्सप्रेस से चित्तौड़गढ़ जाने के लिए इंदौर स्टेशन पहुंचे थे। वीरभूमि एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से लेट चल रही थी, जिसके कारण दोनों प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर बैठकर इंतजार करने लगे। इसी दौरान रशीदा को बाथरूम जाने की आवश्यकता महसूस हुई। प्लेटफॉर्म पर पहले से ही इंटरसिटी एक्सप्रेस खड़ी थी। रशीदा ने सोचा कि ट्रेन खड़ी है, तो वह उसके बाथरूम का इस्तेमाल कर लेती हैं और वह तुरंत इंटरसिटी एक्सप्रेस के कोच में चढ़ गईं।

अचानक चल पड़ी ट्रेन, उतरते समय फिसला पैर

रशीदा अभी बाथरूम के अंदर ही थीं कि अचानक इंटरसिटी एक्सप्रेस ने रफ्तार पकड़ ली और प्लेटफॉर्म से आगे बढ़ने लगी। ट्रेन को चलता देख रशीदा बेहद घबरा गईं और आनन-फानन में कोच के दरवाजे की तरफ भागीं। उन्होंने चलती ट्रेन से ही नीचे प्लेटफॉर्म पर उतरने का प्रयास किया, लेकिन इसी आपाधापी में उनका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसल गया। पैर फिसलते ही रशीदा सीधे ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच के गैप (दूरी) में जा गिरीं और पहियों की चपेट में आ गईं। गति तेज होने के कारण मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।

जीआरपी ने शुरू की जांच

इस खौफनाक मंजर को देखकर प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और शासकीय रेलवे पुलिस (GRP) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पटरियों से निकालकर अपने कब्जे में लिया और मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m