प्रतीक शर्मा, लोरमी। मुंगेली जिले के लोरमी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, बिजली पोल की शिफ्टिंग कार्य के दौरान मशीन का संतुलन बिगड़ने से यह दुर्घटना हुई। हादसे में मशीन ऑपरेटर की मौत हो गई, जबकि उनका साथी मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया है। इस घटना के बाद संबंधित निर्माण व संधारण कार्य में सुरक्षा मानकों के पालन और निगरानी को लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल उठ रहे हैं।

अचानक बिगड़ा मशीन का संतुलन

प्राप्त जानकारी के अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोरमी के सामने पोल शिफ्टिंग का कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान पोल निकालते समय अचानक मशीन का संतुलन बिगड़ गया, जिससे पोल काम कर रहे कर्मचारियों की ओर आ गिरा।

इलाज के दौरान ऑपरेटर की मौत, मजदूर रेफर

हादसे में ग्राम रैतरा निवासी ऑपरेटर ओम सिंह गोंड (40 वर्ष),गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल पास स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोरमी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में उनके साथी मजदूर झुमुक बैगा का बायां पैर फ्रैक्चर हो गया। लोरमी में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल मुंगेली रेफर किया गया है। घटना की सूचना लोरमी थाना पुलिस को दे दी गई है, जिसके बाद पुलिस मामले की वैधानिक जांच कर रही है।

सुरक्षा मानकों के पालन और प्रबंधन पर उठे सवाल

सार्वजनिक व संवेदनशील स्थल पर हो रहे इस प्रकार के जोखिम भरे कार्यों को लेकर स्थानीय नागरिकों और प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा कार्य संचालन की प्रक्रिया पर ध्यान आकर्षित किया जा रहा है।

सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता: कार्यस्थल पर तैनात कर्मियों के पास नियमानुसार आवश्यक सुरक्षा उपकरण (जैसे सेफ्टी हेलमेट, बेल्ट आदि) मौजूद थे या नहीं, यह जांच का विषय है।

कार्यस्थल का सुरक्षा घेरा: व्यस्त मार्ग पर कार्य के दौरान सुरक्षा बैरिकेडिंग व चेतावनी संकेतों के समुचित प्रबंधों की समीक्षा जरूरी मानी जा रही है।

मशीनरी एवं प्रणालियों की जांच: उपयोग में लाई जा रही मशीनरी के तकनीकी संतुलन और परिचालन सुरक्षा मानकों की जांच भी प्रक्रियात्मक रूप से आवश्यक है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जोखिम भरे मैदानी कार्यों में सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी अप्रिय घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। फिलहाल पुलिस द्वारा मामले में मर्ग कायम कर आगे की जांच की जा रही है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H