जमशेदपुर। एनएच-18 स्थित मुखियाडांगा में सड़क निर्माण कार्य के दौरान शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। सड़क निर्माण में इस्तेमाल किए जा रहे एक भारी वाहन ने पैदल जा रहे 60 वर्षीय बुजुर्ग काली पदो कर्मकार को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना दोपहर करीब 3:30 बजे की है। हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीण शव के साथ सड़क पर उतर आए और मुआवजे की मांग को लेकर जाम लगा दिया।
पैदल जा रहे बुजुर्ग को भारी वाहन ने कुचला
मृतक की पहचान मुखियाडांगा के देवघर गांव निवासी काली पदो कर्मकार (60) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर वह पैदल जा रहे थे। इसी दौरान सड़क निर्माण कार्य में लगे एक भारी वाहन की चपेट में आ गए। वाहन से कुचलने के कारण उनकी मौत हो गई।
शव के साथ सड़क पर उतरे ग्रामीण, मुआवजे की मांग
हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और रास्ता जाम कर दिया। ग्रामीण मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं।
सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित
ग्रामीणों के प्रदर्शन और सड़क जाम के कारण एनएच-18 पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। हादसे के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।

