पानीपत। पानीपत के गांव पसीना खुर्द में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक पुराने मकान की छत अचानक गिर गई, जिसके मलबे में दबने से 4 वर्षीय मासूम आयुष की मौत हो गई, जबकि उसकी मां सोनिया और बड़ा भाई साहिल गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के समय तीनों घर के कमरे में सो रहे थे।

ऐसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, आयुष के पिता रविंद्र दिहाड़ी मजदूरी करते हैं। गुरुवार दोपहर वह बच्चों को स्कूल से घर लाने के बाद वापस काम पर चले गए थे। घर में उनकी पत्नी सोनिया, 7 वर्षीय बेटा साहिल और 4 वर्षीय आयुष कमरे के अंदर सो रहे थे। इसी दौरान अचानक मकान की कड़ियों वाली छत का गाटर टूट गया और पूरी छत भरभराकर नीचे गिर गई।

मां को भी आई गहरी चोटें
छत गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। पड़ोसियों ने तुरंत दरवाजा तोड़कर मां और दोनों बच्चों को मलबे से बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने आयुष को मृत घोषित कर दिया, जबकि सोनिया और साहिल का उपचार किया गया। हादसे में सोनिया का हाथ टूट गया और चेहरे व कान पर भी गंभीर चोटें आई हैं।


परिजनों ने बताया कि आयुष ने दो महीने पहले ही प्ले-वे स्कूल जाना शुरू किया था। इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।