प्रवीण भारद्वाज,पानीपत। जिले के डिकाडला गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार तीन युवकों की मौत हो गई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने तीनों को जोरदार टक्कर मारते हुए कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।

मृतकों की पहचान विनोद, अनिप और नरेंद्र के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों युवक खेत से अपने घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हुआ।

परिजनों ने साजिश का लगाया आरोप
हालांकि मृतकों के परिजनों ने मामले को महज सड़क हादसा मानने से इनकार करते हुए इसे सुनियोजित साजिश बताया है। परिजनों का आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने योजनाबद्ध तरीके से स्कॉर्पियो से तीनों को कुचलकर उनकी हत्या की है।

सूचना मिलने पर समालखा पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।घटना के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।