सिरसा। हरियाणा के सिरसा जिले के रानियां क्षेत्र में केहरवाला-सादेवाला रोड पर दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। हादसे में बाइक सवार 45 वर्षीय प्रकाश सिंह की मौत हो गई। वह दो बेटियों और एक बेटे के पिता थे। हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोट लगी और ज्यादा खून बहने से उनकी जान चली गई।

गांव लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, प्रकाश सिंह किसी काम से ऐलनाबाद गए थे। वहां से बाइक पर अपने गांव दारेवाला लौट रहे थे। केहरवाला रोड पर डेरे के पास अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई।

टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। प्रकाश सिंह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गए।

अस्पताल पहुंचाने के बाद मौत

हादसा देखकर राहगीर मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को सूचना दी और एंबुलेंस की मदद से घायल प्रकाश सिंह को रानियां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया।

शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद उनकी पहचान दारेवाला निवासी प्रकाश सिंह के रूप में हुई। सूचना मिलने पर उनके परिजन अस्पताल पहुंचे।

पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवाया

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिरसा के सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।

फिलहाल पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर रही है। पोस्टमार्टम बुधवार सुबह कराया जाएगा। इसके बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m