दक्षिण दिल्ली के जेजे कैंप इलाके में 26 जुलाई 2026 को निजी टैंकर से पानी भरते समय मोटर की वायरिंग से करंट लगने के कारण 39 वर्षीय अरमान की मौत हो गई. घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने देवली रोड पर प्रदर्शन कर सड़क जाम कर दी. स्वजन उन्हें लेकर बत्रा अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

दक्षिण दिल्ली के तिगड़ी स्थित जेजे कैंप इलाके में पानी की किल्लत के बीच 39 वर्षीय अरमान की करंट लगने से मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, रविवार को अरमान घर के पास पानी के पंप की बिजली वायरिंग जोड़ रहे थे.

तिगड़ी जेजे कैंप में पिछले दो महीनों से पानी का गंभीर संकट बना हुआ है. पानी की समस्या से परेशान होकर अरमान ने अपने खर्च पर निजी टैंकर मंगाया था. मोटर की वायरिंग ठीक करते वक्त उन्हें करंट लग गया. जिसके बाद अचेत होकर गिर पड़े. उनकी मौके पर ही मौत हो गई. अरमान कारपेंटर का काम करते थे. परिवार में उनकी पत्नी और चार बच्चे हैं.

स्थानीय लोगों के मुताबिक, अब हालात ऐसे हो गए हैं कि पानी की किल्लत लोगों की जान लेने लगी है. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पानी की आपूर्ति की व्यवस्था दुरुस्त की जाती, तो यह हादसा टाला जा सकता था. कई बार स्थानीय विधायक से शिकायत की, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला.

इस दर्दनाक हादसे के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने देवली रोड पर प्रदर्शन कर जाम लगाया. पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को सफदरजंग अस्पताल में भेज दिया है.

सरकारी टैंकर समय पर नहीं मिलने के कारण लोगों को मजबूरी में निजी टैंकर मंगाने पड़ते हैं और अब इस लापरवाही की कीमत लोगों को अपनी जान देकर चुकानी पड़ रही है.

पूर्व निगम पार्षद सतीश गुप्ता ने भी इस घटना पर चिंता जताई. उन्‍होंने कहा कि तिगड़ी, देवली और आसपास के इलाकों में पिछले 13 वर्षों से पानी की समस्या बनी हुई है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m