Mundka Three labourers died: पश्चिमी दिल्ली के मुंडका औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक फैक्ट्री में बड़ा हादसा हो गया, जिसमें सेप्टिक टैंक ( Septic tank) में उतरे 3 मजदूरों की जहरीली गैस की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाया गया। आसपास की फैक्ट्रियों में काम करने वाले लोग भी घटनास्थल पर जमा हो गए। मुंडका औद्योगिक क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद पुलिस ने तीनों मजदूरों के शव बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
पश्चिमी दिल्ली के मुंडका औद्योगिक क्षेत्र में स्थित फैक्ट्री नंबर 93/8 में हुए दर्दनाक हादसे की वजह से तीन मजदूरों की जान चली गई। जानकारी के मुताबिक, सबसे पहले एक व्यक्ति सफाई के लिए सेप्टिक टैंक में उतरा था, लेकिन वह जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गया। उसे बचाने के लिए एक-एक कर दो अन्य व्यक्ति भी टैंक में उतरे, लेकिन वे भी जहरीली गैस की वजह से बाहर नहीं निकल सके और फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत दिल्ली अग्निशमन सेवा को सूचना दी, जिसके बाद दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया।
3 मजदूरों की मौत
घटना की सूचना पर दो फायर टेंडर मौके पर भेजे गए। दमकल कर्मियों ने रेस्क्यू कर तीनों मजदूरों को बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान अरुण (38), संदीप (32) और चांद (42) के रूप में हुई है। तीनों सुल्तानपुरी के इंद्रा झील इलाके के निवासी बताए गए हैं। सूचना मिलते ही दिल्ली अग्निशमन सेवा और पुलिस मौके पर पहुंची। मुंडका थाना पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने 3 लोगों को किया गिरफ्तार
पश्चिमी दिल्ली के मुंडका औद्योगिक क्षेत्र में हुए दर्दनाक हादसे में तीन मजदूरों की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने फैक्ट्री मालिक, उसके सहयोगी और एक ठेकेदार के खिलाफ बीएनएस की अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज करते हुए तीनों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों में मानसरोवर गार्डन निवासी फैक्ट्री मालिक सूरज मारवाह (50), बापरोला विहार निवासी जयंत (61) और ठेकेदार नीरज (35) शामिल हैं। बताया गया है कि नीरज ही मजदूरों को अपने वाहन से साइट तक लेकर जाता था।पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए यह पता लगाने की कोशिश शुरू कर दी है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी किस स्तर पर हुई थी, जिससे यह हादसा हुआ।
जहरीली गैस से मौत की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पश्चिमी दिल्ली के मुंडका औद्योगिक क्षेत्र में हुए दर्दनाक हादसे में तीन मजदूरों की मौत के मामले में पुलिस ने कहा है कि टैंक के अंदर जहरीली गैस की चपेट में आने के बाद तीनों बेहोश हो गए थे।पुलिस के अनुसार, मौत के सही कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। शवों को आगे की जांच के लिए मंगोलपुरी स्थित संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल भेजा गया है। इस हादसे में प्रारंभिक जांच में जहरीली गैस के कारण दम घुटने की आशंका जताई जा रही है, जबकि पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

