शरद पाठक, छिंदवाड़ा/परासिया। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के कोयलांचल क्षेत्र की स्यालघोघरी स्थित खदान में सोमवार रात एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान सुमेर पिता बृजलाल के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक खदान के भीतर ऑक्सीजन की कमी और पर्याप्त वेंटिलेशन नहीं होने के कारण उसकी तबीयत बिगड़ी थी। घटना के बाद खदान में काम कर रहे मजदूरों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने परिसर में एकत्र होकर नारेबाजी की।
READ MORE: सड़क पर स्टंटबाजी का खौफनाक अंजाम: रीवा-सीधी टनल के पास अचानक अनियंत्रित होकर गिरी तेज रफ्तार बाइक, लाइव Video आया सामने
जानकारी के अनुसार स्यालघोघरी खदान उमरेठ से करीब 10 किलोमीटर दूर स्थित है और इसका संचालन बिरला समूह की आरसीसीपीएल प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जाता है। सोमवार रात की शिफ्ट में सुमेर खदान के दो नंबर पिट में ड्रिलिंग का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। बताया जा रहा है कि उसे सांस लेने में परेशानी महसूस हुई और वह खदान के भीतर लगे पंखे के पास जाकर खड़े होने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान चक्कर आने से वह जमीन पर गिर पड़ा।
साथी मजदूरों ने उसे तत्काल व्हीलचेयर की मदद से खदान से बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल भेजा, लेकिन उसकी हालत गंभीर थी। जिला अस्पताल छिंदवाड़ा में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। घटना के बाद मजदूर संगठनों ने खदान प्रबंधन पर सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही का आरोप लगाया है।
READ MORE: विश्व धरोहरों की अस्थायी सूची में MP के 4 और ऐतिहासिक स्थल: कुल हुए 19, यूनेस्को ने जारी की टेंटेटिव लिस्ट
इंटक मजदूर संगठन का कहना है कि इससे पहले भी इसी खदान में दो महिला मजदूरों के बेहोश होने का मामला सामने आया था और प्रबंधन को वेंटिलेशन तथा ऑक्सीजन व्यवस्था को लेकर आगाह किया गया था। संगठन का आरोप है कि इसके बावजूद पर्याप्त सुधार नहीं किए गए। मजदूर की मौत को लेकर परासिया विधायक सोहन वाल्मीकि ने भी नाराजगी जताई और खदान प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने मामले में जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद खदान की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


