हिसार। हिसार के चौधरीवास के पास पनिहार चौक पर बुधवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में दो किसान भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मृतकों की पहचान Nalwa निवासी राजपाल (68) और उनके छोटे भाई जिलेसिंह (56) के रूप में हुई है। दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल हिसार भेज दिए गए हैं।

खाटूश्याम जा रही कार से हुई टक्कर

जानकारी के अनुसार, दोनों भाई बुधवार सुबह बाइक पर सवार होकर शोक जताने के लिए रावलवास कलां जा रहे थे। इसी दौरान पनिहार चौक पर उनकी बाइक हिसार से खाटूश्याम जा रही एक कार की चपेट में आ गई।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई पूरी घटना

मृतकों के तीसरे भाई सुरेश ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि दोनों भाई खेती-बाड़ी का काम करते थे और सुबह गांव से निकले थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार एक युवती चला रही थी और उसके साथ परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। हादसे के बाद युवती अपने परिजनों के साथ ऑटो रिक्शा में बैठकर हिसार लौट गई।

हरियाणा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस मृतकों के परिजनों के बयान के आधार पर FIR दर्ज करने की तैयारी कर रही है।