मिजोरम की राजधानी आइजोल के पास गुरुवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में केंद्र सरकार के तीन अधिकारियों की मौत हो गई। हादसा आइजोल से करीब 30 किलोमीटर दक्षिण में सताएक गांव के पास हुआ, जहां एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार चालक गंभीर रूप से घायल हुआ है।

हादसे में तीन अधिकारियों की मौत

प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) के एक अधिकारी के मुताबिक, मृतकों में आइजोल दूरदर्शन के डायरेक्टर (न्यूज) नाम्पिबोउ मारिनमाई और इंफाल PIB के एडिशनल डायरेक्टर जनरल एंगम पामे शामिल हैं। तीसरे मृतक सेंट्रल ब्यूरो ऑफ कम्युनिकेशन (CBC) के स्थानीय फील्ड ऑफिस में कार्यरत मल्टी-टास्किंग स्टाफ (MTS) सदस्य एच. लियानवेला थे। वहीं, CBC आइजोल के ड्राइवर गोजेंद्रो डे हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें आइजोल के पास फाल्कॉन स्थित जोरम मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (ZMCH) में भर्ती कराया गया है।

पेड़ लगाने के बाद लौट रहे थे अधिकारी

अधिकारियों के मुताबिक, चारों लोग सियल्सुक गांव गए थे, जहां उन्होंने एडिशनल डायरेक्टर जनरल एंगम पामे के दिवंगत भाई की याद में पेड़ लगाया था। इसके बाद सभी आइजोल लौट रहे थे। बताया गया कि रास्ते में ड्राइवर को अचानक बेचैनी महसूस हुई और वह अपने हाथ-पैर हिलाने तथा आंखें खोलने में असमर्थ हो गया। इसी दौरान वाहन सड़क से उतरकर गहरी खाई में जा गिरा।

पोस्टमार्टम के बाद मणिपुर भेजे जाएंगे शव

तीनों अधिकारियों के शव गुरुवार रात पोस्टमार्टम के लिए ZMCH लाए गए। पोस्टमार्टम के बाद नाम्पिबोउ मारिनमाई और एंगम पामे के शवों को उनके गृह राज्य मणिपुर स्थित पैतृक स्थानों पर भेजा जाएगा।

मुख्यमंत्री समेत नेताओं ने जताया शोक

मिजोरम जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन (MJA) के पदाधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर मृतकों को श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री लालदुहोमा, MNF अध्यक्ष जोरमथांगा और मिजोरम कांग्रेस अध्यक्ष लाल थानजारा ने भी अधिकारियों के निधन पर शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री लालदुहोमा ने कहा कि अधिकारियों का अचानक और असमय निधन बेहद बड़ी क्षति है और उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m