अनूप दुबे, कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी जिले के बरही थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिले के ग्राम पड़रिया के पास बीती बुधवार देर रात एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में तीनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद से मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
सिंगरौड़ी में दशहरा मेला देखने जा रहे थे तीनों युवक
दरअसल हादसे का शिकार हुए तीनों युवक बरही थाना क्षेत्र के सिजेहरा गांव के रहने वाले थे। मृतकों की पहचान छोटेलाल कोल, अमित लाल कोल और सुमित कोल के रूप में हुई है। बुधवार की देर रात ये तीनों एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर पास ही के इलाके में आयोजित दशहरा मेला देखने के लिए निकले थे। जब उनकी बाइक बरही रोड पर स्थित ग्राम पड़रिया के समीप पहुँची, तभी किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया और बुरी तरह रौंद डाला। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस ने शवों का कराया पोस्टमार्टम, परिजनों को सौंपा
दुर्घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही बरही थाना पुलिस तत्काल दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों शवों को कब्जे में लिया और पंचनामा कार्रवाई पूरी कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शवगृह भिजवाया। गुरुवार सुबह डॉक्टरों की टीम द्वारा तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद प्रक्रिया पूरी कर शव अंतिम संस्कार के लिए शोकाकुल परिजनों को सौंप दिए गए।
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
घटना को लेकर बरही थाना प्रभारी अरविंद चौबे ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है और गहराई से जांच शुरू कर दी है। हादसे को अंजाम देकर मौके से फरार होने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश के लिए पुलिस की विशेष टीमें जुटाई गई हैं। पुलिस आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि वाहन का सुराग लगाया जा सके। आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

