आकाश तिवारी, कुरवाई(विदिशा) देवास से बीना जा रही एक बारात की खुशियाँ उस वक्त मातम में बदल गईं, जब ग्राम पैराखेड़ी के पास एक तेज रफ्तार ट्राले ने बारात की गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। इस हृदयविदारक हादसे में अब तक 2 लोगों की मृत्यु की पुष्टि हुई है।
अस्पताल में हृदयविदारक स्थिति
टक्कर इतनी भीषण थी कि बारात की गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और घायल बुरी तरह कार के अंदर ही फंस गए थे। जब बारात के काफिले में साथ चल रही अन्य 12 गाड़ियों में सवार महिलाएं और बच्चे अस्पताल पहुँचे, तो वहां का माहौल गमगीन हो गया। अपने परिजनों को लहूलुहान और तड़पता देख महिलाओं और बच्चों की चीखों से पूरा अस्पताल परिसर दहल उठा।
सराहनीय रेस्क्यू और मानवता
घटनास्थल पर मौजूद राजगीर ने तत्परता दिखाते हुए बिना समय गंवाए अपने निजी वाहन से घायलों को अस्पताल पहुँचाना शुरू किया। वहीं, सूचना मिलते ही पुलिस 112 की टीम से आरक्षक महेंद्र लोधी और आरक्षक ओवैस खान मौके पर पहुँचे। उन्होंने अपनी सूझबूझ से कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और समय रहते उपचार के लिए रवाना किया।
टोल कंपनी टीसीआईएल की भारी लापरवाही
जानकारी के अनुसार, एम्बुलेंस उपलब्ध कराने वाली टोल कंपनी द्वारा समय पर वाहन नहीं पहुँचाया गया। गंभीर रूप से घायल बाराती अस्पताल में तड़पते रहे और उनके परिजन एम्बुलेंस के लिए गुहार लगाते रहे। ऐसे संवेदनशील समय में जब हर सेकंड कीमती था, कंपनी की यह देरी किसी बड़े खतरे को दावत देती रही
एसडीओपी रोशनी ठाकुर अस्पताल में मौजूद
हादसे की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी रोशनी ठाकुर स्वयं अस्पताल में मौजूद हैं और घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित कर रही हैं। पुलिस प्रशासन द्वारा घटना की जांच शुरू कर दी गई है।

