अनमोल मिश्रा, सतना। सतना जिले में मरीजों की जान से खिलवाड़ करने वाले प्राइवेट एंबुलेंस संचालकों पर परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। सतना परिवहन विभाग द्वारा चलाए गए एक विशेष जांच अभियान के दौरान जिला अस्पताल परिसर में खड़ी कई प्राइवेट एंबुलेंसों के दस्तावेजों की गहन पड़ताल की गई। जांच के दौरान कई वाहन बिना वैध फिटनेस प्रमाणपत्र के सड़कों पर दौड़ते पाए गए, जिसके बाद उन पर सख्त कार्रवाई करते हुए वाहनों को यातायात थाने भेज दिया गया। 

READ MORE:VIT यूनिवर्सिटी अस्पताल विवाद: NSUI की शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग ने सौंपी जांच रिपोर्ट, कुलपति को नोटिस जारी

बता दे कि परिवहन विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि शहर में कई ऐसी प्राइवेट एंबुलेंस संचालित हो रही हैं, जिनके दस्तावेज अधूरे हैं और जो सुरक्षा मानकों पर खरी नहीं उतरती। इन्हीं शिकायतों का संज्ञान लेते हुए परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के प्रमुख चौराहों और अस्पताल परिसरों के आसपास विशेष चेकिंग अभियान चलाया। कई एंबुलेंस चालकों के पास वैध फिटनेस प्रमाणपत्र नहीं पाए गए। बीमा, परमिट और रजिस्ट्रेशन से जुड़े अन्य आवश्यक कागजातों में भी गंभीर कमियां देखने को मिलीं। मरीजों को लाने-ले ले जाने में इस्तेमाल होने वाले इन वाहनों में तय सुरक्षा और तकनीकी मानकों की अनदेखी की जा रही थी। 

READ MORE: दवा दुकानों पर स्वास्थ्य विभाग की सख्ती: नियमों के उल्लंघन पर 8 मेडिकल स्टोर संचालकों को नोटिस

इस विशेष जांच अभियान के दौरान यातायात डीएसपी, यातायात प्रभारी तथा परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर खुद मौजूद रहे। अचानक शुरू हुए इस चेकिंग अभियान से प्राइवेट एंबुलेंस संचालकों और चालकों में हड़कंप मच गया। कई चालक पुलिस और परिवहन विभाग की टीम को देखते ही रास्ते बदलते नजर आए। अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि बिना वैध दस्तावेजों और बिना फिटनेस के यदि कोई भी एंबुलेंस सड़क पर पाई गई, तो उसके खिलाफ वाहन जब्ती और भारी जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m