त्रिपुरा के एक युवक के साथ कथित नस्लीय दुर्व्यवहार और अपमानजनक टिप्पणियों के मामले में दिल्ली के सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर आमिर शौकीन की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। सोशल मीडिया पर विवादित वीडियो वायरल होने के बाद दिल्ली पुलिस की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस (IFSO) यूनिट को मामले की जांच सौंपी गई है। वहीं, त्रिपुरा पुलिस ने भी आमिर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
घर पर नहीं मिला आमिर शौकीन, पुलिस की तलाश जारी
दिल्ली पुलिस की स्पेशल पुलिस यूनिट फॉर नॉर्थ ईस्टर्न रीजन (SPUNER) ने मामले की जांच के लिए IFSO यूनिट से सहयोग मांगा है। अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली पुलिस की टीम आमिर शौकीन की तलाश में बाड़ा हिंदूराव स्थित उसके घर पहुंची, लेकिन वह वहां नहीं मिला। पुलिस अब वायरल वीडियो और उससे जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।
वायरल वीडियो में नस्लीय टिप्पणी करने का आरोप
सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में आमिर शौकीन पर त्रिपुरा के युवक की शारीरिक बनावट और क्षेत्रीय पहचान को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां करने का आरोप है। वीडियो में युवक को चीनी बताने और उसके रूप-रंग पर टिप्पणी करने का मामला सामने आया है।
वीडियो वायरल होने के बाद पूर्वोत्तर भारत के लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स में नाराजगी फैल गई। इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर नस्लीय भेदभाव और पूर्वोत्तर के लोगों के प्रति अपमानजनक व्यवहार के मुद्दे पर बहस तेज हो गई है।
आमिर ने मांगी माफी, वीडियो को बताया स्क्रिप्टेड
विवाद बढ़ने के बाद आमिर शौकीन ने सोशल मीडिया पर माफी मांगते हुए दावा किया कि वीडियो स्क्रिप्टेड था और वह संबंधित युवक को पहले से जानता है। उसने कहा कि उसका उद्देश्य किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था। हालांकि, उसकी सफाई के बावजूद मामले में कार्रवाई की मांग जारी है।
किरेन रिजिजू और माणिक साहा ने जताई चिंता
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने घटना की निंदा करते हुए दिल्ली और त्रिपुरा पुलिस से कार्रवाई करने की बात कही। वहीं, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने राज्य के पुलिस महानिदेशक को दिल्ली पुलिस के साथ समन्वय कर आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया है।
त्रिपुरा स्टूडेंट्स फोरम दिल्ली ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कर निष्पक्ष जांच और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को सुरक्षित रखने की मांग की है। अब पुलिस की जांच से स्पष्ट होगा कि वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

