कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। भाजपा विधायक प्रीतम लोधी के बेटे दिनेश लोधी की मुश्किलें बढ़ गई हैं, हत्या के प्रयास के मामले में लगातार कोर्ट में गैरहाजिर रहने पर ग्वालियर जिला कोर्ट ने दिनेश लोधी को फरार घोषित कर स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। खास बात यह है कि तीन महीने के भीतर दूसरी बार उसके खिलाफ ऐसा आदेश जारी हुआ है।

कई पेशियों में अदालत में उपस्थित नहीं हुआ

दरअसल मामला ग्वालियर के पुरानी छावनी थाना क्षेत्र में दर्ज हत्या के प्रयास के केस से जुड़ा है। दिनेश लोधी 22 जुलाई 2024 को आखिरी बार व्यक्तिगत रूप से कोर्ट में पेश हुआ था, इसके बाद 23 अगस्त 2024 से 16 मार्च 2026 तक हुई कई पेशियों में वो अदालत में उपस्थित नहीं हुआ। उसकी ओर से लगातार हाजिरी माफी के आवेदन लगाए जाते रहे, अदालत में पुलिस की ओर से बताया गया कि दिनेश लोधी ज्यादातर समय शिवपुरी के पिछोर में रहता हैं और कभी-कभार ही ग्वालियर आता हैं। लगातार गैरहाजिरी और गिरफ्तारी वारंट की तामील नहीं होने के बाद अदालत ने उसके खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी कर उसे फरार दर्ज करने के निर्देश दिए।

दो अलग-अलग मामलों में स्थायी गिरफ्तारी वारंट

दिनेश लोधी इससे पहले भी ग्वालियर की विशेष एससी-एसटी अदालत से फरार घोषित हो चुका हैं। जुलाई में एक अन्य मामले में उसके खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। अब हत्या के प्रयास के मामले में भी अदालत के इस आदेश के बाद उसकी मुश्किलें बढ़ गई हैं। अब पुलिस के सामने दिनेश लोधी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश करने की चुनौती है। लगातार कोर्ट में गैरहाजिरी और दो अलग-अलग मामलों में स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद इस मामले में आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m