सतीश दुबे, डबरा। मध्य प्रदेश के डबरा के ग्राम गोहिंदा के समीप शुक्रवार देर रात करीब 10 से 10:30 बजे के बीच श्रद्धालुओं से भरे आईसर वाहन में पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में वाहन के डाले पर बैठे 40 वर्षीय लखन निवासी चंदौली की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक महिला, पुरुष और बच्चे घायल हो गए। सूचना मिलते ही भितरवार थाना पुलिस एवं 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भितरवार पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को ग्वालियर रेफर किया गया।

READ MORE: MP LPG KYC Alert: 16 अगस्त से पहले करा लें आधार आधारित बायोमेट्रिक e-KYC, वरना नहीं मिलेगा घरेलू गैस सिलेंडर

जानकारी के अनुसार, शिवपुरी जिले के भौंती थाना क्षेत्र के करीब 100 से 125 श्रद्धालु 28 जुलाई को वृंदावन स्थित गिरिराज जी की परिक्रमा करने एवं गुरु पूर्णिमा पर्व मनाने के लिए गए थे। शुक्रवार रात लौटते समय गोहिंदा गांव के पास उनका वाहन साइड से खड़ा था, तभी भितरवार की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सुमित्रा पत्नी सिरनाम केवट (60) का बायां पैर घुटने के पास से अलग हो गया। इसके अलावा मुस्कान (15), धनीराम (45), रूपेश (14), सखी पत्नी विजयराम पाल (60) सहित कई श्रद्धालु घायल हुए। गंभीर रूप से घायल सुमित्रा बाई, सखी एवं रूपेश को ग्वालियर रेफर किया गया।

READ MORE: नाबालिग से दुष्कर्म व हत्या के दोषी को 30 वर्ष कारावासः फिर आजीवन जेल की सजा, आरोपी पीड़िता की मां की हत्या मामले में जेल में निरुद्ध

घटना की सूचना मिलते ही गोहिंदा गांव के सरपंच पति सोनू दुबे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पुलिस के साथ राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। भितरवार तहसीलदार शिवदत्त कटारे भी अस्पताल पहुंचे और उपचार व्यवस्थाओं का जायजा लिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया, हालांकि बाद में पुलिस ने ट्रक को पकड़ लिया। दुर्घटना से आक्रोशित श्रद्धालुओं ने कुछ समय के लिए सड़क पर जाम लगा दिया,जिसे पुलिस ने समझाइश देकर खुलवाया गया पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m