संजय विशिवकर्मा, उमरिया। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले के नौरोजाबाद थाना क्षेत्र से एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक सड़क से फिसलकर घोड़छत्र नदी के पास गहरी खाई में जा गिरा। इस भीषण हादसे में ट्रक के भीतर ड्राइवर और क्लीनर दोनों बुरी तरह फंस गए थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन सेवाओं की टीम मौके पर पहुँची और लगभग 8 घंटे तक चले लंबे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

देर रात हुआ हादसा, ड्राइवर को तुरंत निकाला गया

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना देर रात करीब 12 से 1 बजे के बीच नौरोजाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई। हादसे के तुरंत बाद मौके पर 108 एम्बुलेंस की टीम और डायल 112 की टीम पहुँची। पुलिस और स्वास्थ्य कर्मियों ने मिलकर तत्परता दिखाई और रात में ही ट्रक में फंसे ड्राइवर का सफल रेस्क्यू कर लिया। घायल ड्राइवर को तुरंत पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहाँ उसका इलाज जारी है।

करीब 8 घंटे तक ट्रक में फंसा रहा क्लीनर

ड्राइवर के रेस्क्यू के बाद भी ट्रक की स्थिति और खाई की गहराई के कारण क्लीनर अंदर ही फंसा रह गया। हादसे के बाद से ही क्लीनर पिछले 6 से 7 घंटों से अधिक समय से ट्रक के केबिन में फंसा हुआ था। मौके पर लगातार राहत और बचाव कार्य जारी रहा। लगभग 8 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार सुबह करीब 9 बजे क्लीनर को भी ट्रक से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उसके पैरों में चोट के गंभीर निशान हैं। रेस्क्यू के बाद 108 एंबुलेंस की मदद से उसे भी पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार चल रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m