कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के थाटीपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद लज्जाजनक मामला सामने आया है। यहां एक निजी क्लासेज में ट्यूशन पढ़ाने वाले शिक्षक द्वारा पढ़ने आई नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। आरोपी शिक्षक ने वारदात के बाद पीड़िता को किसी को भी इस घटना के बारे में बताने पर जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना पिछले महीने 24 सितंबर की
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना पिछले महीने 24 सितंबर की है। आरोपी शिक्षक की पहचान 26 वर्षीय सत्यजीत शाक्य (निवासी गांगली हार) के रूप में हुई है। आरोपी थाटीपुर स्थित ‘बी-मिज्ज क्लासेस’ में शिक्षण कार्य करता था और वहीं पास में ट्यूशन भी पढ़ाता था। डरा-धमकाकर बनाया शिकार: पीड़िता जब अपने घर के पास स्थित इस ट्यूशन सेंटर पर पढ़ने आती थी, तो आरोपी शिक्षक ने उसके साथ यह घृणित कृत्य किया।
जान से मारने की धमकी
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शिक्षक ने पीड़िता को बुरी तरह धमकाया और चेतावनी दी कि यदि उसने इस बारे में किसी को कुछ भी बताया, तो वह उसे जान से मार देगा। घटना के बाद से डरी-सहमी पीड़िता चुप रही, लेकिन बाद में उसने हिम्मत जुटाकर अपने परिजनों को पूरी बात बताई।
आरोपी सत्यजीत शाक्य गिरफ्तार
परिजनों के साथ थाने पहुंचकर पीड़िता ने आपबीती सुनाई, जिसके आधार पर थाटीपुर पुलिस ने 10 अक्टूबर को आरोपी शिक्षक के खिलाफ दुष्कर्म और विभिन्न धाराओं में गंभीर प्रकरण दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत ऐक्शन लेते हुए आरोपी सत्यजीत शाक्य को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

