Automobile desk : टू-व्हीलर सेगमेंट में परफॉर्मेंस और स्पोर्टी बाइक्स के लिए मशहूर TVS मोटर कंपनी ने वैश्विक मंच पर एक बार फिर हलचल मचा दी है। इटली के मिलान शहर में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित मोटरसाइकिल शो EICMA 2026 से ठीक पहले, कंपनी ने अपनी बिल्कुल नई Apache RTR 125 LC से पर्दा उठा दिया है। इस मोटरसाइकिल को खासतौर पर उन राइडर्स को टारगेट करते हुए डिजाइन किया गया है जो कम सीसी सेगमेंट में भी एक आक्रामक लुक और दमदार थ्रिल चाहते हैं। फिलहाल इसे यूरोपीय बाजारों के लिए पेश किया गया है, लेकिन इसकी शानदार खूबियों ने भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में भी चर्चाएं तेज कर दी हैं।

दमदार लिक्विड-कूल्ड इंजन और परफॉर्मेंस

इस नई मोटरसाइकिल की सबसे बड़ी खूबी इसका पावरट्रेन है। Apache RTR 125 LC में 125cc का आधुनिक लिक्विड-कूल्ड इंजन फिट किया गया है, जो इस सेगमेंट में इसे बेहद खास बनाता है। यह इंजन 14.9 PS की जबरदस्त पावर और 12 Nm का टॉर्क जनरेट करने की क्षमता रखता है। बाइक की पावर डिलीवरी को बेहतरीन बनाने के लिए इसमें 6-स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है, साथ ही असिस्ट-एंड-स्लिपर क्लच का सपोर्ट भी मिलता है जिससे गिफ शिफ्टिंग बेहद स्मूथ हो जाती है। इसके अलावा, कंपनी ने इसमें अलग-अलग राइडिंग मोड्स भी जोड़े हैं ताकि राइडर सड़क की स्थिति और अपनी जरूरत के हिसाब से बाइक की परफॉर्मेंस को ढाल सकें। हालांकि, कंपनी ने अभी इन मोड्स के विस्तृत नामों और उनके स्पेसिफिकेशन्स का खुलासा आधिकारिक तौर पर नहीं किया है।

एग्रेसिव स्ट्रीटफाइटर लुक और लाइटिंग सेटअप

डिजाइन के मोर्चे पर यह बाइक किसी भारी-भरकम स्पोर्ट्स बाइक को टक्कर देती नजर आती है। इसका लुक एक एग्रेसिव स्ट्रीटफाइटर जैसा रखा गया है, जिसमें मस्कुलर फ्यूल टैंक, शार्प टैंक एक्सटेंशन और मजबूत ट्रेलिस फ्रेम का इस्तेमाल किया गया है। इसे आकर्षक सिल्वर पेंट स्कीम के साथ फ्लोरोसेंट येलो हाइलाइट्स में सजाया गया है, जिसकी झलक इसके अलॉय व्हील्स पर भी साफ दिखाई देती है।

फ्रंट प्रोफाइल की बात करें तो इसमें आधुनिक एलईडी प्रोजेक्टर हेडलैंप के साथ सिग्नेचर DRL दिया गया है, जो रात के वक्त विजिबिलिटी को शानदार बनाता है। वहीं, रियर सेक्शन में ट्राई-स्प्लिट एलईडी टेललैंप और एलईडी टर्न इंडिकेटर्स मिलते हैं। बाइक में एक छोटी विंडस्क्रीन, हैंडगार्ड, स्पोर्टी स्प्लिट सीट और नीचे की तरफ माउंटेड कॉम्पैक्ट एग्जॉस्ट सिस्टम दिया गया है। इसका चौड़ा हैंडलबार शहर की तंग गलियों में रोजाना की राइडिंग और वीकेंड पर लॉन्ग ट्रिप्स दोनों के लिए बेहतरीन संतुलन प्रदान करता है।

सस्पेंशन, चेसिस और ब्रेकिंग सिस्टम

राइडिंग कम्फर्ट और स्टेबिलिटी को बेहतर करने के लिए TVS ने इसमें प्रीमियम हार्डवेयर का इस्तेमाल किया है। बाइक के फ्रंट में 41mm के KYB USD (अपसाइड-डाउन) फोर्क दिए गए हैं, जबकि पीछे की तरफ एडजस्टेबल मोनोशॉक सस्पेंशन मिलता है। इसमें TVS की सिग्नेचर ‘Synchro Stiff’ चेसिस दी गई है, जो ट्रेलिस फ्रेम और कास्ट स्विंगआर्म के कॉम्बिनेशन पर आधारित है।

सुरक्षा और ब्रेकिंग को पुख्ता करने के लिए इसके आगे के पहिये में 300mm और पीछे 240mm की डिस्क ब्रेक दी गई है, जिनमें मशहूर ByBre कैलिपर्स का इस्तेमाल किया गया है। इसके अलावा, बेहतर कंट्रोल के लिए इसमें डुअल-चैनल ABS (एंटी-लॉक ब्रेकिंग सिस्टम) भी शामिल है। यह बाइक 17-इंच के स्टाइलिश अलॉय व्हील्स पर दौड़ती है, जिन पर आगे 100/80-17 और पीछे 140/70-R17 साइज के चौड़े रेडियल टायर फिट किए गए हैं। हालांकि, कंपनी ने अभी तक इसके कुल वजन, सीट की ऊंचाई, ग्राउंड क्लियरेंस और फ्यूल टैंक की कैपेसिटी जैसे आंकड़ों की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

मॉडर्न फीचर्स और कनेक्टिविटी

आज के दौर के राइडर्स की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इस मोटरसाइकिल में कई एडवांस फीचर्स जोड़े गए हैं। इसमें 5 इंच का फुल-कलर TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया गया है, जो ब्लूटूथ कनेक्टिविटी के साथ आता है। इस डिस्प्ले पर राइडर्स को फुल-स्क्रीन मैप मिररिंग और टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन जैसी सुविधाएं मिलती हैं, जिससे अनजान रास्तों पर सफर करना बेहद आसान हो जाता है। इसके साथ ही, सुरक्षा के मद्देनजर बाइक में हैजर्ड लाइट्स भी दी गई हैं।

TVS ने इस मशीन को यूरोप में अपनी परफॉर्मेंस बाइक रेंज की नई शुरुआती कड़ी के रूप में उतारा है। यह उन युवाओं और नए राइडर्स को ध्यान में रखकर बनाई गई है जो ऑफिस आने-जाने के साथ-साथ वीकेंड पर रोमांचक और लंबी राइड्स का लुत्फ उठाना चाहते हैं। भारतीय बाजार में इसके आने या इसकी कीमत को लेकर अभी तक कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन ऑटो सेक्टर के जानकारों का मानना है कि यदि यह भारत में आती है, तो 125cc सेगमेंट का पूरा समीकरण बदल सकता है।