रजरप्पा। रामगढ़ के सांडी में सावन की अंतिम सोमवारी के मौके पर आयोजित DJ मुकाबले के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मुकाबला देखने के लिए जर्जर मकान की छत पर चढ़े युवकों के वजन से अचानक छज्जा टूट गया। हादसे में करीब 10 से 12 युवक नीचे गिर पड़े। राहत की बात रही कि कोई बड़ी अनहोनी नहीं हुई। हालांकि, एक युवक के पैर में गंभीर चोट आई है।
भीड़ बढ़ी तो छत पर चढ़ गए युवक
घटना रजरप्पा-सांडी मार्ग पर सांडी स्थित कन्या मध्य विद्यालय मायल के पास की है। सोमवार को राज बल्लभ प्लस टू हाई स्कूल मैदान में DJ अंकित पेटरवार और DJ सोनाक्षी गोला के बीच मुकाबला आयोजित किया गया था।
कार्यक्रम देखने के लिए हजारों लोग पहुंचे थे। मैदान और सड़क के आसपास भारी भीड़ जमा होने के कारण कई युवक पास के मकानों की छतों पर चढ़ गए। इसी दौरान एक पुराने और जर्जर मकान की छत पर भी बड़ी संख्या में युवक पहुंच गए।अचानक छज्जा भार नहीं सह सका और टूटकर नीचे जा गिरा। इसके साथ ही छत पर खड़े युवक भी नीचे गिर पड़े।
एक युवक को गंभीर चोट, अस्पताल में कराया गया भर्ती
हादसे के बाद मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को संभाला। एक युवक के पैर में गंभीर चोट लगने के बाद उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।अन्य युवकों को मामूली चोटें आने की जानकारी है। बड़ी जनहानि नहीं होने से लोगों ने राहत की सांस ली।
आयोजकों ने तुरंत कराया सुरक्षा अनाउंसमेंट
हादसे के बाद आयोजकों ने DJ के जरिए लोगों से अपील की कि वे किसी भी पुरानी या जर्जर इमारत की छत और छज्जे पर चढ़कर कार्यक्रम न देखें। लोगों को सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई।
हजारों की भीड़ से सड़क पर लगा लंबा जाम
DJ मुकाबले को लेकर सांडी में भारी भीड़ जुटी थी। रजरप्पा मोड़-सांडी मार्ग पर लोगों की आवाजाही बढ़ने से काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा। कई लोग सड़क किनारे और आसपास की इमारतों पर खड़े होकर कार्यक्रम देखते नजर आए।
कांवर यात्रा के दौरान आयोजित हुआ था DJ मुकाबला
सावन की अंतिम सोमवारी पर सिद्धपीठ रजरप्पा मंदिर से सिद्धेश्वर धाम, रामगढ़ तक भव्य कांवर यात्रा निकाली गई थी। बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसमें शामिल हुए।
कांवरियों के स्वागत और मनोरंजन के लिए सांडी में DJ प्रतियोगिता रखी गई थी। इसी कार्यक्रम के दौरान भारी भीड़ और जर्जर मकान की छत पर चढ़ने के कारण यह हादसा हुआ।


