दिलशाद अहमद, सूरजपुर: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के प्रतापपुर विकासखंड अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत मदननगर में सरपंच की बर्खास्तगी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस कार्रवाई के विरोध में पंचायत के उपसरपंच समेत सभी 20 पंचों ने सामूहिक रूप से अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। सभी जनप्रतिनिधियों ने एसडीएम को अपना त्यागपत्र सौंपते हुए प्रशासन की इस कार्रवाई को एकपक्षीय बताया है।
क्या है पूरा मामला?
हाल ही में प्रतापपुर क्षेत्र के मदननगर ग्राम पंचायत में हुए विवाद और हिंसा के बाद जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरपंच सुंदरी बाई को पद से हटा दिया था। प्रशासन का दावा है कि यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम की धारा 40 के तहत सभी वैधानिक प्रक्रियाओं, नोटिस और सुनवाई को पूरा करने के बाद की गई है।
ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के आरोप
सामूहिक इस्तीफा देने वाले पंचों और ग्रामीणों ने प्रशासन के दावों को सिरे से खारिज किया है। उनका आरोप है कि यह कार्रवाई पूरी तरह से एकपक्षीय है। क्षेत्र के आदिवासियों के हितों और किसानों की आवाज को दबाने का प्रयास है। कोयला परियोजना और भूमि अधिग्रहण के मामलों में प्रशासन पर पक्षपात करने के गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं।
आंदोलन की चेतावनी
इस सामूहिक इस्तीफे के बाद मामला अब और अधिक गंभीर होता नजर आ रहा है। पूर्व जनपद अध्यक्ष ने इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन को उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। साथ ही उन्होंने 101 पंचायतों के सरपंचों के सामूहिक इस्तीफे का दावा किया है।


Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


