शब्बीर अहमद, भोपाल। राजधानी के बहुचर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में कानूनी और जांच की प्रक्रिया तेज हो गई है। इस मामले में अब दो बड़े घटनाक्रम सामने आए हैं। एक तरफ ट्विशा के परिजनों ने पोस्टमार्टम (PM) रिपोर्ट हासिल करने के लिए भोपाल कोर्ट में एक नया आवेदन लगाया है, तो दूसरी तरफ मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की दिल्ली टीम भोपाल में अपनी पड़ताल पूरी कर वापस लौट गई है।
डेथ सर्टिफिकेट के लिए पीएम रिपोर्ट जरूरी
ट्विशा शर्मा के परिजनों ने भोपाल की जिला अदालत में एक नया आवेदन पेश किया है। परिजनों का कहना है कि नगर निगम से ट्विशा का डेथ सर्टिफिकेट (मृत्यु प्रमाण पत्र) बनवाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट की सख्त जरूरत है, क्योंकि नगर निगम की जन्म-मृत्यु शाखा ने बिना पीएम रिपोर्ट के सर्टिफिकेट जारी करने से मना कर दिया है।
यह आवेदन न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी शोभना भलावे की कोर्ट में लगाया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट ने परिजनों का आवेदन स्वीकार कर लिया है। इसके साथ ही अदालत ने नगर निगम की जन्म-मृत्यु शाखा, एम्स (AIIMS) दिल्ली, एम्स भोपाल और सीबीआई (CBI) को नोटिस जारी कर पोस्टमार्टम रिपोर्ट के संबंध में जवाब तलब किया है।
पूछताछ के बाद दिल्ली रवाना हुई सीबीआई की टीम
इसी केस से जुड़ा दूसरा बड़ा अपडेट यह है कि ट्विशा शर्मा मौत मामले की जांच कर रही सीबीआई की विशेष दिल्ली टीम भोपाल में अपनी कार्रवाई पूरी कर वापस दिल्ली रवाना हो गई है। सीबीआई की टीम पिछले कई दिनों से भोपाल में डेरा डाले हुए थी और इस हाई-प्रोफाइल मामले से जुड़े संदेही समर्थ सिंह गिरीबाला से लगातार सघन पूछताछ कर रही थी।
अब डिजिटल साक्ष्यों पर टिकी जांच: सूत्रों के मुताबिक, भोपाल में जरूरी कड़ियों को जोड़ने और अपनी जांच रिपोर्ट तैयार करने के बाद ही दिल्ली की टीम वापस लौटी है। हालांकि, सीबीआई की जांच अभी रुकी नहीं है। जांच एजेंसी अब तक जुटाए गए डिजिटल साक्ष्यों (Digital Evidence), मोबाइल रिकॉर्ड्स और दर्ज किए गए बयानों के आधार पर आगे की तफ्तीश जारी रखेगी।


