लक्ष्मीकांत बंसोड़, बालोद। छत्तीसगढ़ की बालोद पुलिस ने ठगी के मामले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने इलेक्ट्रिक वाहनों की डीलरशिप दिलाने और 100 प्रतिशत कैशबैक का झांसा देकर 31 लाख से ज्यादा की ठगी की थी। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पढ़िए पूरी खबर
पुलिस के मुताबिक, ग्राम भानपुरी निवासी मनीष कुमार साहू ने 5 मई 2026 को थाना सनौद में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि CBK EV MOTORS/CBK SERVICE CENTER, रायपुर के कंपनी CEO नंदकिशोर साहू, MD लोकेश द्विवेदी और CMD पुरुषोत्तम साहू ने इलेक्ट्रिक स्कूटी, स्कूल वैन, लोडर वाहन और इलेक्ट्रॉनिक सामान की डीलरशिप लेने पर 100 प्रतिशत कैशबैक देने का भरोसा दिलाया था।
अलग-अलग किश्तों में जमा किए 31.80 लाख
आरोप है कि डीलरशिप के लिए 10 लाख रुपये जमा कराने के बाद कंपनी की ओर से प्रमाण पत्र दिया गया। इसके बाद इलेक्ट्रिक स्कूटी और इलेक्ट्रॉनिक सामान के लिए 20-20 लाख रुपये जमा कराने की बात कही गई। प्रार्थी ने कंपनी द्वारा बताए गए बैंक खातों में 30 मई 2024 से अलग-अलग किश्तों में कुल 31 लाख 80 हजार रुपये जमा किए।

11 इलेक्ट्रिक वाहन देकर लिया वापस
इसके बाद प्रार्थी ने ग्राम सनौद में कंपनी की डीलरशिप के लिए किराये पर दुकान भी ली। कंपनी की ओर से 11 इलेक्ट्रिक वाहन उपलब्ध कराए गए, लेकिन वाहनों की गुणवत्ता सही नहीं होने की शिकायत के बाद कंपनी उन्हें वापस ले गई। नए वाहन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया, लेकिन बाद में वाहन नहीं दिए गए।
तीन चेक हुआ बाउंस
पैसे वापस मांगने पर 6 सितंबर 2024 को धमतरी के भूपेंद्र दादर स्थित दुकान में 1 लाख 45 हजार रुपये लौटाए गए। शेष रकम के लिए कंपनी की ओर से तीन चेक दिए गए, लेकिन बैंक में लगाने पर तीनों चेक स्टॉप पेमेंट के कारण बाउंस हो गए। शिकायत के आधार पर थाना सनौद में अपराध क्रमांक 40/2026 के तहत धारा 420, 34 भादवि के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

दोनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजे गए जेल
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी लोकेश द्विवेदी को बिलासपुर और पुरुषोत्तम साहू को सारंगढ़ से पकड़ा। पूछताछ में अपराध स्वीकार करने के बाद दोनों को 19 सितंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपियों को न्यायालय बालोद के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



