मध्यप्रदेश में भ्रष्टाचार थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक के बाद एक सरकारी अधिकारी कर्मचारी घूस लेते पकड़े जा रहे है। इसी कड़ी में इंदौर में दो बैंककर्मियों को 20 हजार की रिश्वत लेते दबोचा गया है। बताया जा रहा है कि बैंककर्मी ने किसान क्रेडिट कार्ड लोन दिलाने के एवज 20 हजार रुपये की घूस मांगी थी। वहीं सागर जिले में एक पटवारी को 10 हजार की रिश्वत लेते लोकायुक्त ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इधर, जबलपुर में रिश्वतखोरी के मामले में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के अधिकारी पर सीबीआई ने शिकंजा कसा है।

हेमंत शर्मा, इंदौर। इंदौर में जाकिर हुसैन नामक शख्स ने साल 2024 में 2 लाख रुपये का केसीसी लोन लिया था, जिसे वर्ष 2025 में जमा करना था। वर्ष 2026 तक लोन जमा नहीं कर पाने के कारण ब्याज सहित करीब 2 लाख 30 हजार रुपये संस्था में जमा कराना था। दूसरी बार केसीसी लोन लेने के लिए किसान संस्था पहुंचा था, तभी आरोपियों ने 20 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की।

कंप्यूटर ऑपरेटर अमन जोशी और रमेशचंद्र पंड्या ने जाकिर हुसैन से 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत के आधार पर लोकायुक्त ने सेवा सहकारी संस्था, अत्याना (गौतमपुरा) में दबिश दी। इस दौरान दोनों को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा। फिलहाल लोकायुक्त की टीम भ्रष्टाचार निवारण की अधिनियम के तहत कार्रवाई में जुटी हुई है।

इंदौर

जबलपुर में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के अधिकारी पर CBI का शिकंजा

कुमार इंदर, जबलपुर। जबलपुर में सीबीआई ने रिश्वतखोरी के मामले में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के अधिकारी पर शिकंजा कसा है। CBI ने घूसखोर अभ्यंकर शर्मा को विशेष अदालत में पेश किया। जानकारी के मुताबिक, अभ्यंकर शर्मा की 10 हजार की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तारी हुई है। कियोस्क बैंक शाखाओं की स्वीकृति के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। कोर्ट ने आरोपी को तीन दिन के लिए सीबीआई रिमांड पर भेजा है। बताया जा रहा है कि ग्वालियर स्थित आवास पर भी जांच की तैयारी है। पूछताछ के दौरान कई बड़े खुलासे होने की संभावना है।

जबलपुर

सागर में पटवारी गिरफ्तार

उमेश यादव, सागर। लोकायुक्त पुलिस ने शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे पटवारी मानवेंद्र सिंह ठाकुर को 10 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है। पटवारी मानवेंद्र सिंह जैसीनगर तहसील के बम्होरी घाट हल्का क्रमांक-34 में पदस्थ था। लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, तिली वार्ड निवासी भगवान दास सोलंकी ने शिकायत की थी कि उनकी पुत्रवधू की ओर से ग्राम कंकर कुइया में खरीदी गई 1.4 हेक्टेयर कृषि भूमि के नामांतरण के एवज में पटवारी रिश्वत मांग रहा था।

शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। शुक्रवार को शिकायतकर्ता के रिश्वत की राशि देने पर आरोपी पटवारी ने जैसे ही 10 हजार रुपये लिए पहले से तैनात लोकायुक्त टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। आरोपी के पास से रिश्वत की रकम बरामद कर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई लोकायुक्त के महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देश और उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की गई। ट्रैप दल में निरीक्षक रंजीत सिंह, निरीक्षक कमल सिंह उइके सहित लोकायुक्त सागर की टीम शामिल रही। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

सागर

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m