नरेश शर्मा, रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बिती रात भीषण सड़क हादसा हुआ है, जहां एक बाइक टीआरएन कंपनी की दीवार से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पढ़िए पूरी खबर
यह हादसा घरघोड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार रात हुआ। बताया जा रहा है कि बाइक तेज रफ्तार में थी और भेंगारी से टीआरएन कंपनी की ओर जाने वाले मार्ग पर रात 8 बजे के आसपास टीआरएन कंपनी की दीवार से टकरा गई।

दोनों युवकों की पहचान में जुटी पुलिस
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही घरघोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा। हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवकों और घायल की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।

हादसे की जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक तौर पर बाइक की तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। घरघोड़ा पुलिस मृतकों और घायल की पहचान करने के साथ ही हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


