अजयारविंद नामदेव, शहडोल। Shahdol News: शहडोल में बारिश के पानी से भरे एक गड्ढे ने दो मासूम भाइयों की जिंदगी निगल ली। दोनों भाई घर से फुटबॉल खेलने निकले थे, लेकिन उन्हें क्या पता था कि रास्ते में मौत उनका इंतजार कर रही है। बड़ा भाई 15 वर्षीय बारिश सिंह अचानक पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने लगा, तो महज 10 साल का छोटा भाई विवेक उसे बचाने के लिए अपनी जान की परवाह किए बिना पानी में कूद गया। 

भाई को बचाने की कोशिश में वह भी डूब गया और देखते ही देखते दोनों सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। अमलाई थाना क्षेत्र के गाड़ा घाट की इस हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। अब सवाल उन खुले गड्ढों पर है, जिन्हें मिट्टी निकालने के बाद यूं ही छोड़ दिया गया और बारिश का पानी भरने के बाद वे मासूमों के लिए मौत का कुआं बन गए। 

दरअसल, अमराडंडी के पास रहने वाले 15 साल के बारिश सिंह और उसका 10 साल के विवेक सिंह घर से फुटबॉल खेलने निकले थे। दोनों गाड़ा घाट के पास पहुंचे थे। इसी दौरान बारिश का पैर मिट्टी की खुदाई से बने पानी से भरे गहरे गड्ढे में चला गया और वह डूबने लगा। बड़े भाई को पानी में डूबता देख विवेक ने अपनी जान की परवाह किए बिना उसे बचाने के लिए गड्ढे में छलांग लगा दी, लेकिन पानी की गहराई और परिस्थितियां ऐसी थीं कि दोनों भाई खुद को संभाल नहीं सके और देखते ही देखते पानी में समा गए।

कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति की नजर पानी में तैरती किसी चीज पर पड़ी, पास जाकर देखा तो दोनों बच्चों के शव पानी में तैर रहे थे। यह दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। तत्काल घटना की जानकारी अमलाई पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को बाहर निकलवाकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। एक साथ दो मासूम भाइयों की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। वहीं, मिट्टी की खुदाई के बाद खुले छोड़े गए गहरे गड्ढों को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर जिम्मेदारों ने इन जानलेवा गड्ढों को सुरक्षित क्यों नहीं कराया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m