सोनू वर्मा, नूंह। जिले के नहेदा गांव में एक शादी समारोह उस समय हंगामे में बदल गया, जब दूल्हे के दो जीजा आपस में भिड़ गए। मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया, जिससे शादी का माहौल बिगड़ गया।

जानकारी के अनुसार, पप्पू कुरेशी के बेटे की बारात नहेदा गांव से पलवल जिले के एक गांव के लिए रवाना होनी थी। बारात से पहले पारंपरिक ‘सलाम’ रस्म के दौरान दूल्हे के बड़े जीजा नदीम ने उसे नोटों की माला पहनाई। इसी बीच छोटे जीजा बूल्लर ने छत पर चढ़कर आतिशबाजी करते हुए नोटों की गड्डियां उड़ानी शुरू कर दीं।


बन गई पथराव की स्थिति
बताया जा रहा है कि इस घटना को बड़े जीजा ने अपनी बेइज्जती समझ लिया, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इस दौरान जमकर लात-घूंसे चले और हालात इतने बिगड़ गए कि पथराव भी शुरू हो गया।

घटना से शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और जश्न का माहौल पूरी तरह खराब हो गया। हालांकि गनीमत रही कि इस झगड़े में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।

बिरादरी स्तर पर हुआ समझौता
बाद में दोनों पक्षों के बीच आपसी बातचीत के जरिए मामला शांत करा लिया गया और बिरादरी स्तर पर समझौता हो गया।पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, इसलिए कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।गौरतलब है कि मेवात क्षेत्र में दूल्हे को नोटों की माला पहनाने की परंपरा काफी प्रचलित है, लेकिन कई बार दिखावे की होड़ इस तरह के विवादों को जन्म दे देती है।