सतीश दुबे, डबरा। मध्यप्रदेश के डबरा से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक तेज रफ्तार कार बिजली के पोल से जा भिड़ी और दो हंसते-खेलते परिवारों की खुशियां छीन लीं। हादसा तीन दिन पहले का बताया जा रहा है लेकिन उसका जो CCTV फुटेज है वो अब सामने आया है। जो सिस्टम और मौके पर मौजूद लोगों की बेबसी की कहानी बयां कर रहा है।
ये भी पढ़ें: ऑपरेशन के बाद मासूम की मौत, इंसाफ के लिए सड़क पर उतरा परिवार, संचालक हुआ फरार, प्रशासन ने किया क्लीनिक सील
वो 8 मिनट… जो जिंदगी और मौत के बीच का फासला बना
हादसे का सबसे हृदयविदारक पहलू वह 8 मिनट का समय रहा, जब कार पलटने के बाद दोनों दोस्त अवधेश विश्वकर्मा और रामजी सोनी कार के अंदर फंसे हुए थे और मदद के लिए तड़प रहे थे। फुटेज में साफ दिख रहा है कि कार में टक्कर के बाद तुरंत आग नहीं लगी थी। अगर इन 8 मिनटों के भीतर उन्हें बाहर निकाल लिया जाता, तो वे अपने परिवार के बीच होते।
करंट की दौड़ती लहरों से मददगारों के हाथ बंधे
मौके पर मौजूद लोग चाहकर भी कार के पास नहीं जा सके। इसकी मुख्य वजह यह थी कि कार जिस बिजली के खंभे से टकराई थी उसका 11 KV का हाई-टेंशन तार टूटकर सीधे कार के ऊपर गिर गया था। पूरी कार में करंट फैल चुका था, जिसके कारण लोग बेबस होकर तमाशा देखने को मजबूर थे। 8 मिनट बाद कार में रखे पटाखों ने आग पकड़ी और एक जोरदार धमाके के साथ दोनों दोस्त जिंदा जल गए। दूसरे दिन पुलिस ने कंकालों का पोस्टमार्टम कराया।
ये भी पढ़ें: यात्रीगण कृपया ध्यान देंः हैदराबाद-गोरखपुर समर स्पेशल ट्रेन की अवधि फिर बढ़ी, रेलवे ने बढ़ाए 4-4 फेरे
शादी की खुशियां मातम में बदलीं
जानकारी के अनुसार 6 मार्च की रात करीब 2 बजे अवधेश विश्वकर्मा, उनका दोस्त रामजी सोनी और साला अविनाश झा ग्वालियर में एक शादी समारोह से लौटकर अपने घर शिवपुरी जा रहे थे। NH 44 पर उनकी कार अनियंत्रित होकर पोल से जा भिड़ी। हादसे में अविनाश झा शीशा टूटने की वजह से बाहर गिर गए और उनकी जान बच गई लेकिन नियति को उनके जीजा और दोस्त के लिए कुछ और ही मंजूर था।

