फरीदाबाद: रेलवे ट्रैक के आसपास मोबाइल में व्यस्त रहना दो दोस्तों के लिए जानलेवा साबित हुआ। बाटा रेलवे स्टेशन के नजदीक कृष्णा कॉलोनी की झुग्गी बस्ती के पास शनिवार शाम ट्रेन की चपेट में आने से 20 वर्षीय सौरभ और 10वीं कक्षा के छात्र जितेश की मौत हो गई। दोनों दोस्त थे और कृष्णा कॉलोनी में ही रहते थे।

हादसा शाम करीब 4:30 बजे का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक दोनों युवक रेलवे ट्रैक के पास घूम रहे थे और मोबाइल पर वीडियो देखने में व्यस्त थे। इस दौरान दोनों के कान में इयरफोन भी लगे हुए थे। तभी ट्रैक पर ट्रेन आती देखकर आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें हटने के लिए आवाज लगाई। लोको पायलट ने भी हॉर्न बजाकर चेतावनी देने की कोशिश की, लेकिन दोनों ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

कुछ ही पल बाद दोनों ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद जीआरपी और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर बीके अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है।

पुलिस के अनुसार, दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। मृतक सौरभ स्थानीय जिम में सफाई का काम करता था, जबकि जितेश सरकारी स्कूल में 10वीं कक्षा में पढ़ता था। दो दोस्तों की एक साथ हुई मौत के बाद कृष्णा कॉलोनी में शोक का माहौल है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m