अंबाला: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज की जनसुनवाई में गुरुवार को पुलिस और विभागीय लापरवाही से जुड़ी शिकायतों पर कड़ा रुख देखने को मिला। अंबाला छावनी के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित सुनवाई के दौरान चोरी के मामलों में एफआईआर दर्ज करने में लापरवाही सामने आने पर विज ने दो पुलिस चौकी प्रभारियों को निलंबित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा बिजली कनेक्शन, ट्रांसफार्मर, पेंशन और विवाहिता की मौत से जुड़े मामलों में भी अधिकारियों को जांच व कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
चोरी की शिकायत पर भड़के विज, तोपखाना चौकी प्रभारी पर कार्रवाई
स्टाफ रोड की एक युवती ने मंत्री को बताया कि 9 सितंबर को उसके घर में जबरन घुसकर चोरों ने उसके पिता को नशीला पदार्थ देकर बेहोश कर दिया था। शिकायतकर्ता के मुताबिक, घर से करीब 20 तोले सोना और नकदी चोरी हुई। युवती ने आरोप लगाया कि घटना के बाद तोपखाना पुलिस चौकी में शिकायत देने के बावजूद तत्काल एफआईआर दर्ज नहीं की गई, जबकि उनके पास सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद थी।
शिकायतकर्ता ने बताया कि जब उसने मंत्री के सामने अपनी बात रखने की जानकारी पुलिस को दी, तब जाकर आनन-फानन में मामला दर्ज किया गया। इस पर विज ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से जवाब मांगा और कार्रवाई में देरी को लेकर कड़ी नाराजगी जताई। इसके बाद उन्होंने तोपखाना पुलिस चौकी प्रभारी को निलंबित करने के निर्देश दिए।
मंदिर में चोरी की शिकायत पर भी पुलिस से मांगा जवाब
इसी जनसुनवाई में कच्चा बाजार निवासी एक पुजारी ने मंदिर परिसर में बने अपने कमरे में चोरी की शिकायत रखी। उसने बताया कि कमरे का ताला टूटा मिला था और सामान चोरी हो गया था। पुजारी के अनुसार, उसने 5 सितंबर को हाउसिंग बोर्ड पुलिस चौकी में शिकायत दी थी, लेकिन मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की गई और न ही अपेक्षित कार्रवाई हुई।
विज ने जब इस मामले में पुलिस अधिकारियों से जवाब-तलब किया तो संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। इसके बाद हाउसिंग बोर्ड पुलिस चौकी प्रभारी को भी सस्पेंड करने के निर्देश दिए गए।
ट्यूबवेल कनेक्शन में देरी पर SDO के खिलाफ जांच
नडियाली गांव के एक किसान ने खेत के ट्यूबवेल कनेक्शन से जुड़ी समस्या मंत्री के सामने रखी। किसान ने बताया कि उसका पुराना कनेक्शन वर्ष 2025 में काट दिया गया था। इसके बाद उसने दोबारा कनेक्शन के लिए आवेदन किया, जबकि उसके अनुसार बिजली बिल की कोई बकाया राशि नहीं थी। किसान का कहना था कि करीब एक साल बीतने के बावजूद चौड़मस्तपुर सब-डिवीजन की ओर से कनेक्शन बहाल नहीं किया गया, जिसके कारण सिंचाई प्रभावित हुई और खेती को नुकसान हुआ।
शिकायत पर विज ने मामले की जांच के निर्देश एसई अंबाला को दिए और संबंधित एसडीओ की भूमिका की भी जांच करने को कहा। रामपुर सरसेहड़ी में उपयोग में नहीं आ रहे ट्रांसफार्मर को हटाने में देरी की शिकायत पर भी उन्होंने जांच के निर्देश दिए।
विवाहिता की मौत के मामले में SIT करेगी जांच
महेशनगर से पहुंचे लोगों ने एक विवाहिता की मौत से जुड़े मामले में मंत्री के सामने शिकायत रखी। शिकायतकर्ताओं ने मामले में हत्या का केस दर्ज किए जाने पर सवाल उठाते हुए इसे आत्महत्या का मामला बताया और निष्पक्ष जांच की मांग की। विज ने मामले की वास्तविक स्थिति सामने लाने के लिए एसआईटी गठित कर जांच करने के निर्देश दिए।
पेंशन शिकायतों पर समाज कल्याण विभाग को फटकार
जनसुनवाई में बुजुर्गों और महिलाओं की पेंशन से जुड़ी शिकायतें भी सामने आईं। कई शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि विभागीय कार्यालय के चक्कर लगाने के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है। इस पर विज ने समाज कल्याण अधिकारी को फोन कर कड़ी नाराजगी जताई और लंबित मामलों को अगले सप्ताह से पहले निपटाने के निर्देश दिए।
एक महिला ने बताया कि उसकी वृद्धावस्था पेंशन पिछले वर्ष दिसंबर से बंद है। विभागीय कार्यालय में संपर्क करने पर उसे डाटा चंडीगढ़ से ठीक होने की बात कहकर वापस भेज दिया जाता है। वहीं, महेशनगर की एक महिला ने शिकायत की कि विभागीय स्तर पर नाम संबंधी गलती के कारण उसकी पेंशन प्रभावित हुई है और कई बार कार्यालय जाने के बाद भी समस्या दूर नहीं हुई। दीना की मंडी निवासी महिला ने भी पेंशन संबंधी परेशानी मंत्री के सामने रखी, जिस पर विज ने संबंधित विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान एसडीएम कनिका गोयल, नगर परिषद अध्यक्ष स्वर्ण कौर, उपाध्यक्ष ललता प्रसाद समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, पार्षद और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



