रेणु अग्रवाल, धार। मध्यप्रदेश के धार जिले से दो अलग-अलग सड़क हादसों की खबरें सामने आई हैं। पहली घटना धामनोद की है, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो के अनियंत्रित होकर पलटने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं दूसरी घटना कुक्षी की है, जहां एक तेज रफ्तार कार चालक ने मामूली विवाद के बाद पिता-पुत्र को कार के बोनट पर करीब 4 किलोमीटर तक घसीटा।
धामनोद में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पलटी
धार जिले के धामनोद थाना क्षेत्र अंतर्गत आईटीआई ग्राउंड के पास बीती देर रात सड़क हादसा हो गया। महेश्वर निवासी दक्ष उर्फ बाबू (पिता सुभाष यादव) अपने साथी संदीप के साथ रात करीब 3 बजे स्कॉर्पियो से महेश्वर की ओर जा रहे थे। आईटीआई के पास तेज गति के कारण वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और लोहे के बिजली के पोल को तोड़ते हुए पलट गया। इस हादसे में दक्ष स्कॉर्पियो के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उसका साथी संदीप गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इस हादसे में एक पैर कटकर अलग होने की जानकारी सामने आई है। संदीप की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे इंदौर रेफर कर दिया गया है।
कुक्षी में खौफनाक वारदात
धार जिले के कुक्षी के सुतार मोहल्ला क्षेत्र में एक कार चालक की दबंगई और संवेदनहीनता का मामला सामने आया है, जहाँ एक चालक ने बुजुर्ग को टक्कर मारने के बाद विरोध करने पर पिता-पुत्र को कार के बोनट पर करीब 4 किलोमीटर तक घसीटा। बाबूलाल 21 अक्टूबर की शाम करीब 8 बजे सुतार मोहल्ला रोड से पैदल अपने खेत की तरफ जा रहे थे। तभी सामने से आ रही कार (क्रमांक MP13-ZL-8063) के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी।
बोनट पर घसीटने की खौफनाक घटना
टक्कर के बाद जब बाबूलाल ने विरोध किया, तो आरोपी ने उनके साथ मारपीट की। इतने में बाबूलाल का बेटा भारत भी मौके पर पहुंच गया। जब भारत ने आरोपी की हरकत का फोटो खींचने की कोशिश की, तो गुस्साए चालक ने गाड़ी फुल स्पीड में बढ़ा दी। जान से मारने की नीयत से मारी गई इस टक्कर से पिता-पुत्र कार के बोनट पर जा गिरे, लेकिन इसके बावजूद चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और उन्हें बोनट पर ही करीब 4 किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गया। रास्ते में पीड़ित के मोहल्ले के रहने वाले धर्मेंद्र, जयदीप गुंजाल और अन्य लोगों ने पीछा कर लोनी फाटा के पास कार को रुकवाया और किसी तरह दोनों की जान बचाई।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

