बानो (सिमडेगा). प्रखंड के बांकी इलाके में पिछले पांच दिनों से दो जंगली हाथियों के लगातार विचरण करने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। शाम होते ही गांव के लोगों की चिंता बढ़ जाती है और ग्रामीण घरों की सुरक्षा को लेकर रातभर सतर्क रहने को मजबूर हैं।
बांकी किरण नगर में जंगली हाथी ने वेलेंटाइन नामक ग्रामीण के घर को क्षतिग्रस्त कर दिया। घर टूटने की घटना के बाद आसपास के लोगों में डर और बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों के डर से रात में जागकर निगरानी करनी पड़ रही है।
समूह बनाकर रात में कर रहे निगरानी
हाथियों के आबादी वाले इलाके में आने की आशंका को देखते हुए ग्रामीण समूह बनाकर गांव में रातभर निगरानी कर रहे हैं। हाथियों के नजर आने पर लोगों को सतर्क किया जा रहा है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर ग्रामीण विशेष रूप से चिंतित हैं।
वन विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों को आबादी वाले क्षेत्र से दूर सुरक्षित जंगल में भेजने की मांग की है। साथ ही हाथियों से हुए नुकसान का आकलन कर प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग भी की गई है।

