हेमंत गुर्जर ,बागली। देवास जिले के सतवास थाना क्षेत्र में तेज बारिश के बीच बड़ा हादसा हो गया। कोथमीर रपटे पर उफनते नाले को पार करते समय बाइक सवार दो युवक बह गए। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और ग्रामीणों ने रातभर सर्च अभियान चलाया, जिसके बाद दोनों युवकों के शव सुबह बरामद कर लिए गए। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
दोनों मृतक काम से लौट रहे थे
कन्नौद-खातेगांव विधायक आशीष शर्मा सतवास शासकीय अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी और शासन स्तर पर हर संभव सहायता दिलाने का भरोसा दिया। मृतकों की पहचान कन्नौद निवासी 34 वर्षीय धर्मेंद्र और 24 वर्षीय अमित के रूप में हुई है। दोनों पीपलकोटा में एक प्राइवेट फाइनेंस कंपनी में कार्यरत थे और काम से लौटते समय पीपलकोटा से कोथमीर के बीच खेत वाले रपटे पर तेज बहाव में बाइक सहित बह गए। ग्रामीणों ने उन्हें रोकने का प्रयास भी किया था, लेकिन वे आगे बढ़ गए।
1 शव डेढ़ किमी और दूसरा 7 किमी दूर मिला
सूचना पर सतवास और कन्नौद पुलिस के साथ एसडीआरएफ देवास की टीम मौके पर पहुंची और रातभर तलाश करती रही। बाइक घटनास्थल से करीब कुछ ही दूर पर मिली, जबकि धर्मेंद्र का शव लगभग डेढ़ किलोमीटर और अमित का शव 6 से 7 किलोमीटर दूर बरामद हुआ। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सतवास शासकीय अस्पताल लाया गया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

