Flydubai Hijack Attempt: UAE ने दुबई से तेल अवीव जा रही Flydubai की फ्लाइट FZ1073 को हाईजैक करने की कोशिश को आतंकवाद से जुड़ी घटना बताया है। UAE के राष्ट्रपति के वरिष्ठ सलाहकार अनवर गर्गश ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय पायलट स्मित मच्छार के साहस और पेशेवर रवैये की जमकर सराहना की।

भारतीय पायलट स्मित मच्छार की बहादुरी की तारीफ

अनवर गर्गश ने कहा कि बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में पायलट स्मित मच्छार ने साहस, जिम्मेदारी और प्रोफेशनलिज्म का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि संभावित आतंकी घटना और विमान हादसे के खतरे के बीच पायलट का संयम और नैतिक जिम्मेदारी उन्हें एक सच्चा हीरो बनाती है।

गर्गश ने यह भी कहा कि ऐसी घटनाओं को हल्के में लेने या बिना प्रमाण के साजिश के सिद्धांतों को बढ़ावा देने के बजाय चरमपंथ और आतंकवाद के खतरों के प्रति सतर्कता और सावधानी जरूरी है।

UAE ने शुरू की हाईजैक मामले की जांच

घटना को लेकर UAE में आधिकारिक जांच शुरू कर दी गई है। दुबई से तेल अवीव जा रही Flydubai FZ1073 के कॉकपिट में हुई घटना के बाद विमान को सऊदी अरब की ओर डायवर्ट किया गया था। UAE के अटॉर्नी जनरल डॉ. हमद सैफ अल शम्सी ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। मामले की जांच के लिए एक विशेष पब्लिक प्रॉसिक्यूशन टीम गठित की गई है।

जांच टीम विमान के भीतर हुई घटना से जुड़े तथ्यों, परिस्थितियों और उपलब्ध सबूतों को जुटा रही है। अधिकारियों का उद्देश्य यह स्पष्ट करना है कि फ्लाइट के कॉकपिट में वास्तव में क्या हुआ और घटना के पीछे की परिस्थितियां क्या थीं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m