Udaipur Diwali Tourism 2026: उदयपुर में दिवाली 2026 से पहले पर्यटन कारोबार में तेजी आने की उम्मीद है। झीलों की नगरी में देश के अलग-अलग राज्यों के साथ विदेशों से भी पर्यटकों के पहुंचने की तैयारी है। होटल एसोसिएशन के मुताबिक, अभी से 60 प्रतिशत से अधिक कमरों की एडवांस बुकिंग हो चुकी है। पर्यटन कारोबारियों को उम्मीद है कि दीपावली तक शहर के ज्यादातर होटल पूरी तरह भर जाएंगे। पर्यटकों की बढ़ती मांग के बीच होटल और रिसॉर्ट में कमरों का किराया करीब 1,000 रुपये से लेकर डेढ़ लाख रुपये तक पहुंच रहा है।

गुजरात से महाराष्ट्र तक के पर्यटकों को पसंद है लेकसिटी

झीलों, ऐतिहासिक महलों और खूबसूरत नजारों के लिए मशहूर उदयपुर हर साल बड़ी संख्या में पर्यटकों को आकर्षित करता है। दिवाली के दौरान गुजरात, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश से यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ जाती है। खासकर गुजराती पर्यटकों में लेकसिटी घूमने का खास आकर्षण रहता है।

गुजरात में दिवाली पूजन के बाद कई पर्यटक श्रीनाथजी के दर्शन के लिए नाथद्वारा पहुंचते हैं। इसके साथ ही रणकपुर और कुंभलगढ़ को भी अपनी यात्रा में शामिल करते हैं। आमतौर पर पर्यटक दो से तीन दिन उदयपुर और आसपास के पर्यटन स्थलों पर बिताने की योजना बनाते हैं। इस बार विदेशी पर्यटकों की पूछताछ भी कारोबारियों की उम्मीदें बढ़ा रही है।

होटल-रिसॉर्ट में डीजे पार्टी से लेकर कल्चरल शो तक

होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल के अनुसार, दीपावली पर पर्यटन कारोबार में तेजी आने की उम्मीद है। अभी से 60 प्रतिशत से अधिक कमरों की बुकिंग हो चुकी है। त्योहार तक बुकिंग और बढ़ने की संभावना है।

पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए होटल और रिसॉर्ट में खास आयोजन किए जाएंगे। इनमें डीजे पार्टी, लाइव म्यूजिक, थीम नाइट्स, कल्चरल शो और विशेष डिनर शामिल हैं। पर्यटन विभाग की ओर से भी शहर के प्रमुख चौराहों और पर्यटन स्थलों पर आकर्षक लाइटिंग की तैयारी की जा रही है, जिससे त्योहार के दौरान उदयपुर की खूबसूरती और निखरेगी।

1,000 रुपये से डेढ़ लाख तक पहुंचा कमरों का किराया

दिवाली पर पर्यटकों की बढ़ती मांग का असर होटल किराये पर भी दिख रहा है। होटल के ब्रांड, सुविधाओं और कमरों की श्रेणी के अनुसार कीमतों में अंतर है। सामान्य श्रेणी के होटलों में किराया अपेक्षाकृत कम है, जबकि प्रीमियम होटल और लग्जरी रिसॉर्ट में एक कमरे की कीमत डेढ़ लाख रुपये तक पहुंच रही है।

होटल व्यवसाय से जुड़े लोगों के मुताबिक, दिवाली के दौरान घरेलू पर्यटकों की संख्या अधिक रहती है। इसके अलावा अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, इटली और ऑस्ट्रेलिया से आने वाले विदेशी पर्यटक भी उदयपुर घूमने पहुंचते हैं।

फतहसागर से सिटी पैलेस तक बढ़ेगी रौनक

दिवाली के दौरान उदयपुर के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने की उम्मीद है। फतहसागर झील, पिछोला झील, सिटी पैलेस, सहेलियों की बाड़ी, सज्जनगढ़ और दूध तलाई जैसे स्थान पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

झीलों में बोटिंग, रोशनी से जगमगाते ऐतिहासिक महल और पुराने शहर की सजी हुई गलियां पर्यटकों को अलग अनुभव देती हैं। जगदीश मंदिर और शहर की ऐतिहासिक विरासत भी उदयपुर की पहचान का अहम हिस्सा हैं।

कुंभलगढ़ और शिल्पग्राम के आयोजनों पर भी नजर

दिवाली के दौरान उदयपुर के साथ आसपास के पर्यटन स्थलों और आयोजनों में भी पर्यटकों की संख्या बढ़ने की संभावना है। कुंभलगढ़ फेस्टिवल और शिल्पग्राम फेस्टिवल जैसे आयोजनों में लोगों की दिलचस्पी रहने की उम्मीद है।

पढ़ें ये खबरें