Udaipur News: राजस्थान के उदयपुर से एक ऐसी खबर आई है जिसे सुनकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएं। भीलवाड़ा के एक 32 साल के युवक के साथ सड़क पर काल ने ऐसा खेल खेला कि लोहे का एक मोटा पाइप उसके सीने और फेफड़ों को चीरते हुए आर-पार हो गया। लेकिन कहते हैं न कि जाको राखे साइयां, मार सके न कोय, उदयपुर के आरएनटी (RNT) मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने अपनी काबिलियत से इस युवक को नई जिंदगी दे दी है।

ट्रक का अचानक ब्रेक और मच गया हड़कंप
यह खौफनाक मंजर 24 अप्रैल को भीलवाड़ा की सड़क पर देखने को मिला। युवक अपनी बाइक से जा रहा था, तभी आगे चल रहे ट्रक ने अचानक इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। ट्रक में लदे लोहे के पाइप पीछे की ओर तेजी से खिसके और एक 9 इंच लंबा पाइप सीधे युवक के सीने में जा घुसा। मौके पर चीख-पुकार मच गई। हालात इतने खराब थे कि युवक पाइप में ही फंसा रहा, जिसे बाद में कटर मशीन बुलाकर पाइप काटकर अलग किया गया और लहूलुहान हालत में उदयपुर रेफर किया गया।
सीटी स्कैन देख उड़े डॉक्टरों के होश, फेफड़े तक पहुंचा पाइप
जब मरीज को उदयपुर के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल लाया गया, तो वह गहरे सदमे (शॉक) में था। रेडियोलॉजी विभाग के प्रोफेसर डॉ. कुशल गहलोत ने जब सीटी स्कैन किया, तो तस्वीर देखकर डॉक्टर सन्न रह गए। करीब 4 सेमी मोटा पाइप पसलियों को तोड़ते हुए फेफड़े को चीरकर सीधे गर्दन तक जा पहुंचा था। शरीर की बेहद जरूरी नसें (सबक्लेवियन धमनी) फट चुकी थीं और फेफड़ों के अंदर खून का फव्वारा फूट रहा था। सूत्रों के मुताबिक, युवक की सांसें उखड़ने लगी थीं और डॉक्टरों के पास सोचने का वक्त बिल्कुल नहीं था।
कार्डियोथोरेसिक सर्जन डॉ. विनय नैथानी और उनकी टीम ने तुरंत ऑपरेशन का मोर्चा संभाला। चुनौती ये थी कि पाइप एल आकार में फंसा था, जरा सी चूक और मरीज की मौके पर ही मौत हो सकती थी। डॉक्टरों ने घंटों की मशक्कत के बाद बेहद सावधानी से पाइप को बाहर निकाला, फटी हुई नसों की मरम्मत की और टूटी पसलियों को जोड़ दिया। प्रिंसिपल डॉ. राहुल जैन ने बताया कि ऐसी चोटों में बचने की उम्मीद न के बराबर होती है, लेकिन टीम ने चमत्कार कर दिया।
अब कैसा है भीलवाड़ा का लकी युवक?
ऑपरेशन के बाद युवक अब पूरी तरह खतरे से बाहर है। अस्पताल प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, मरीज ने अब खाना-पीना शुरू कर दिया है और वह सामान्य बातचीत भी कर रहा है। भीलवाड़ा से उदयपुर तक इस सफल ऑपरेशन की चर्चा हो रही है और लोग आरएनटी मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों को धरती का भगवान कह रहे हैं।
पढ़ें ये खबरें
- कमरे में मिला नवविवाहिता का शव, गले पर मिले निशान, ससुराल वाले फरार
- iPhone 17 Pro Max पर भारी बचत का मौका, Croma पर मिल रहा बड़ा डिस्काउंट, जानें ऑफर और फीचर्स
- 6 जवाब बदले, 10 सवाल हटे; फिर भी हाई कोर्ट ने खारिज की याचिकाएं
- एलन मस्क को घूंसे मारकर भगाएंगे रीवा सांसद ! जनार्दन मिश्रा ने भरे मंच से दी धमकी, कहा- दुई घूंसा मारब त भाग जई…
- गरीबों के राशन पर माफियाओं का सिंडिकेट! फर्जी नंबर प्लेट वाले ट्रक से खुल से सकते हैं कई बड़े राज
