Udaipur Panchayat Election 2026: राजस्थान के पंचायतीराज चुनाव-2026 के दूसरे चरण में उदयपुर जिले की छह पंचायत समितियों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए कुल 69.47 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान के अंतिम आंकड़ों के अनुसार, महिलाओं ने पुरुषों की तुलना में अधिक भागीदारी दर्ज कराई।
महिला मतदान प्रतिशत 70.08 रहा, जबकि पुरुषों का आंकड़ा 68.90 प्रतिशत दर्ज किया गया। पंचायत समितियों में कोटड़ा 78.15 प्रतिशत मतदान के साथ सबसे आगे रहा, जबकि सायरा में सबसे कम 58.44 प्रतिशत वोट पड़े। जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल के अनुसार, दूसरे चरण में बड़गांव, देवला, गोगुंदा, कोटड़ा, सायरा और सलूम्बर पंचायत समितियों के कुल 96 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान कराया गया। इन क्षेत्रों में 3,89,443 पंजीकृत मतदाताओं में से 2,70,535 ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

कोटड़ा में सबसे ज्यादा, सायरा में सबसे कम मतदान
पंचायत समिति वार अंतिम आंकड़ों में कोटड़ा सबसे आगे रहा। यहां 69,089 मतदाताओं में से 53,995 ने वोट डाले। इसके साथ मतदान प्रतिशत 78.15 रहा। देवला पंचायत समिति 72.94 प्रतिशत मतदान के साथ दूसरे स्थान पर रही। यहां 44,204 में से 32,244 मतदाताओं ने मतदान किया।
अन्य पंचायत समितियों में बड़गांव में 71.16 प्रतिशत, गोगुंदा में 69.41 प्रतिशत और सलूम्बर में 68.38 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। सायरा में मतदान का आंकड़ा 58.44 प्रतिशत रहा, जो छह पंचायत समितियों में सबसे कम था।
महिलाओं ने पुरुषों से 1.18 प्रतिशत अधिक मतदान किया
दूसरे चरण में महिला मतदाताओं की भागीदारी पुरुषों से अधिक रही। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 1,88,684 पंजीकृत महिला मतदाताओं में से 1,32,224 ने मतदान किया। इस तरह महिलाओं का मतदान प्रतिशत 70.08 रहा। वहीं, 2,00,756 पंजीकृत पुरुष मतदाताओं में से 1,38,311 ने वोट डाले। पुरुषों का मतदान प्रतिशत 68.90 दर्ज किया गया। इस तरह महिला मतदान प्रतिशत पुरुषों से 1.18 प्रतिशत अधिक रहा।
गोगुंदा और सायरा में महिलाओं तथा पुरुषों के मतदान प्रतिशत के बीच अंतर खास तौर पर नजर आया। गोगुंदा में 72.99 प्रतिशत महिलाओं ने वोट डाले, जबकि पुरुषों का मतदान प्रतिशत 66.06 रहा। सायरा में महिलाओं का मतदान 62.72 प्रतिशत और पुरुषों का 54.53 प्रतिशत दर्ज किया गया।
31 मतदान केंद्रों पर 85 प्रतिशत से ज्यादा वोटिंग
उदयपुर जिले के 31 मतदान केंद्रों पर 85 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया। इनमें सबसे ज्यादा 16 केंद्र कोटड़ा पंचायत समिति क्षेत्र में थे। बड़गांव में ऐसे 10 मतदान केंद्र रहे, जबकि देवला में दो केंद्रों पर 85 प्रतिशत से ज्यादा मतदान हुआ। गोगुंदा, सायरा और सलूम्बर में एक-एक मतदान केंद्र इस श्रेणी में शामिल रहा। जिले के 421 मतदान केंद्रों पर मतदान प्रतिशत 50 से 85 के बीच रहा। वहीं, 21 केंद्रों पर 20 से 49 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। केवल एक मतदान केंद्र पर मतदान 20 प्रतिशत तक रहा।
दिव्यांग मतदाताओं ने भी किया मतदान
मतदान के दौरान दृष्टिबाधित और चलने-फिरने में असमर्थ दिव्यांग मतदाताओं ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिले में 145 दृष्टिबाधित मतदाताओं ने मतदान किया। इनमें 120 ने सहयोगी की मदद ली, जबकि 25 ने बिना सहयोगी के वोट डाला। इसी तरह, चलने-फिरने संबंधी दिव्यांगता वाले 220 मतदाताओं ने मतदान किया। इनमें 127 मतदाताओं ने सहयोगी की सहायता ली और 93 ने बिना सहयोगी के मतदान किया।
युवा, मध्यम आयु और बुजुर्ग मतदाताओं की भागीदारी
आयु वर्ग के आंकड़ों में 18 से 25 वर्ष के पुरुष मतदाताओं में 37,318 पंजीकृत मतदाताओं में से 23,261 ने मतदान किया। इसी आयु वर्ग की 27,597 महिला मतदाताओं में से 17,490 ने वोट डाले। 26 से 35 वर्ष के आयु वर्ग में 56,473 पुरुष मतदाताओं में से 39,388 और 53,114 महिला मतदाताओं में से 36,977 ने मतदान किया। इसी के साथ 36 से 59 वर्ष के वर्ग में 73,558 पुरुष मतदाताओं में से 50,387 ने वोट डाले। इस आयु वर्ग की 70,600 महिला मतदाताओं में से 50,522 ने मतदान किया। वहीं बुजुर्ग मतदाताओं 33,407 पुरुषों में से 25,275 और 37,373 महिलाओं में से 27,235 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
पढ़ें ये खबरें
- सुगम बस ने तोड़ा यातायात सिग्नल, टक्कर मारकर किया क्षतिग्रस्त! सीसीटीवी फुटेज आया सामने
- चक्रवात अर्णब का असर: 11 जोड़ी ट्रेनें canceled , टाटानगर से चलने वाली कई ट्रेनें प्रभावित, देखें पूरी लिस्ट
- थेनी सब-जेल से फरार हुए सभी 17 कैदी फिर दबोचे गए, ऐसा तगड़ा प्लान बनाया जिसे जानकर पुलिस के उड़े होश
- छत्तीसगढ़ में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: EOW-ACB में प्रतिनियुक्ति पर तैनात 12 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की छुट्टी, आदेश जारी…
- उत्तराखंड में विरासत की जमीन के 4,943 मामले निपटे, धामी सरकार ने जारी किए आंकड़े

