यूजीसी नेट जून 2026 परीक्षा से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी विषयों की परीक्षा दोबारा कराने का फैसला किया है। इन तीनों विषयों के प्रश्नपत्रों में तथ्यात्मक, टाइपोग्राफिकल और अनुवाद संबंधी कई त्रुटियां मिलने के बाद यह निर्णय लिया गया है।
तीनों विषयों की री-एग्जाम डेट
NTA के अनुसार, तीनों विषयों की दोबारा परीक्षा निम्न तारीख और शिफ्ट में आयोजित होगी:
- इंग्लिश: 9 सितंबर 2026, शिफ्ट-1, सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक
- कॉमर्स: 9 सितंबर 2026, शिफ्ट-2, दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक
- सोशियोलॉजी: 10 सितंबर 2026, शिफ्ट-1, सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक
इन विषयों के अभ्यर्थियों से री-एग्जाम के लिए कोई अतिरिक्त फीस नहीं ली जाएगी।
NTA ने क्यों लिया री-एग्जाम का फैसला?
UGC NET जून 2026 के दौरान इन तीनों विषयों के प्रश्नपत्रों को लेकर अभ्यर्थियों की ओर से शिकायतें मिली थीं। इसके बाद NTA ने मामले की जांच के लिए समिति गठित की। जांच में प्रश्नपत्रों में फैक्चुअल, टाइपिंग और ट्रांसलेशन से जुड़ी गलतियां पाए जाने की बात सामने आई। इसी के बाद दोबारा परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया।
84 विषयों के रिजल्ट पर नहीं पड़ेगा असर
NTA के मुताबिक, अन्य 84 विषयों के नतीजे तय कार्यक्रम के अनुसार जारी किए जाएंगे। इन तीन विषयों के री-एग्जाम की वजह से UGC NET रिजल्ट में देरी नहीं होगी। साथ ही Assistant Professor और PhD पात्रता के लिए विषयवार सीट आवंटन में पहले से तय सीटों की संख्या कम नहीं की जाएगी।
तीनों विषयों की आंसर की अभी जारी नहीं
इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी की प्रोविजनल आंसर की अभी जारी नहीं की गई है। वहीं, अन्य 84 विषयों की प्रोविजनल आंसर की जारी कर दी गई है। उम्मीदवार 18 अगस्त 2026 रात 11:59 बजे तक आंसर की पर आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
UGC NET जून 2026 परीक्षा 22 से 30 जून के बीच आयोजित हुई थी। कॉमर्स की परीक्षा 24 जून, इंग्लिश की 25 जून और सोशियोलॉजी की परीक्षा 30 जून को हुई थी। अब इन तीनों विषयों के उम्मीदवारों को री-एग्जाम में शामिल होना होगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


