प्रदीप मालवीय, उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को अपने उज्जैन प्रवास के दौरान दो अलग-अलग शोकाकुल परिवारों व आयोजनों में शामिल होकर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने जहां राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के वरिष्ठ प्रचारक विनोद कुमार की अंतिम यात्रा में शामिल होकर उन्हें कांधा दिया, वहीं वार्ड क्रमांक 22 की पार्षद दिवंगत माया राजेश त्रिवेदी के निज निवास पहुँचकर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।
संघ प्रचारक विनोद कुमार को मुख्यमंत्री ने दिया कांधा
उज्जैन में दिवंगत आरएसएस प्रचारक और वरिष्ठ समाजसेवी विनोद कुमार के पार्थिव शरीर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। बुधवार को मुख्यमंत्री सरदारपुरा स्थित संघ कार्यालय ‘आराधना भवन’ पहुंचे, जहाँ उन्होंने दिवंगत विनोद कुमार को नमन किया।
इसके बाद आयोजित अंतिम यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्वयं शामिल हुए और विनोद कुमार की अर्थी को कांधा देकर उन्हें अंतिम विदाई दी। इस दौरान नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी और संघ के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
दिवंगत पार्षद माया त्रिवेदी के निवास पहुँचे CM स
इसके साथ ही, उज्जैन के वार्ड क्रमांक-22 की पार्षद माया राजेश त्रिवेदी के आकस्मिक निधन की दुखद खबर मिलने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्तिक चौक स्थित उनके निज निवास पहुंचे। मुख्यमंत्री ने दिवंगत पार्षद के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर अपनी भावुक श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों से भेंट कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और परिवार को इस कठिन समय में ढांढस बंधाया। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, मध्य प्रदेश हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष ओम जैन और उज्जैन विकास प्राधिकरण (UDA) के अध्यक्ष रवि सोलंकी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

