प्रदीप मालवीय, उज्जैन। महापौर टटवाल ने गुरुवार को शहर में सिंहस्थ और सुगम यातायात की दृष्टि से किए जा रहे मार्ग चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान महापौर ने सिंधी कॉलोनी चौराहा से नीलगंगा और कोयला फाटक से निजातपुरा, कंठाल चौराहा होते हुए सती गेट तक के मार्गों का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। महापौर टटवाल ने सिंधी कॉलोनी चौराहा से नीलगंगा तक चल रहे मार्ग चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी ली। 

लगभग 900 मीटर लंबाई के इस मार्ग को 30 मीटर चौड़ा किया गया है। मार्ग पर सेंट्रल लाइटिंग और डिवाइडर सहित अन्य काम किए गए हैं। निरीक्षण के दौरान काम की गति धीमी पाए जाने पर महापौर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित ठेकेदार पर 5 लाख रुपये की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण कराया जाए। 

इसके बाद महापौर ने कोयला फाटक से निजातपुरा, कंठाल चौराहा एवं सती गेट तक के मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान मार्ग पर दुकानदारों द्वारा दुकानों के बाहर अतिक्रमण किए जाने और गैरेज संचालकों द्वारा सड़क पर वाहन खड़े किए जाने की स्थिति सामने आई, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है। महापौर ने कहा कि शहर में मार्ग चौड़ीकरण का उद्देश्य आवागमन को सुगम बनाना और यातायात व्यवस्था को बेहतर करना है। ऐसे में नागरिकों और व्यापारियों का भी दायित्व है कि वे चौड़ीकरण के बाद उपलब्ध सड़क का उपयोग व्यवस्थित रूप से करें और मार्गों पर अतिक्रमण न करें। 

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। नगर निगम ने भी मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए निरंतर कार्रवाई की जा रही है। महापौर ने व्यापारियों एवं नागरिकों से अपील की है कि वे सड़क पर वाहन खड़े करने तथा दुकानों के बाहर अतिक्रमण करने से बचें, ताकि शहर में यातायात सुचारु बना रहे और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो।

निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य रजत मेहता, प्रकाश शर्मा, कैलाश प्रजापत, डॉ. योगेश्वरी राठौर, अपर आयुक्त संतोष टैगोर, सहायक यंत्री डी.एस. परिहार, मुकुल मेश्राम, उपयंत्री राजेंद्र रावत, गायत्री प्रसाद डेहरिया सहित संबंधित कार्य के ठेकेदार उपस्थित रहे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m