प्रदीप मालवीय, उज्जैन। सनातन धर्म में विशेष महत्व रखने वाला हरतालिका तीज का पावन पर्व धार्मिक नगरी उज्जैन में अपार श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया जा रहा है। भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को हस्त नक्षत्र के शुभ योग में सुहागिन महिलाओं ने अपने अखंड सौभाग्य और सुयोग्य वर की कामना को लेकर निर्जला व्रत रखकर विधि-विधान से भगवान शिव और माता पार्वती का पूजन-अभिषेक किया।
ये भी पढ़ें: उज्जैन में सिद्धिविनायक का भव्य दरबार: गणेश चतुर्थी पर लगा 5 लाख मोदक का महाभोग, 12 दिन बंटेगा प्रसाद!
करवाचौथ से भी कठिन माना जाता है यह महाव्रत
हरतालिका तीज को करवाचौथ से भी कठिन व्रत माना जाता है, क्योंकि करवाचौथ में जहां चंद्र दर्शन के बाद व्रत का पारण होता है, वहीं हरतालिका तीज में पूरा दिन और पूरी रात निर्जला उपवास रखा जाता है और अगले दिन सुबह विधि-विधान से पूजन के पश्चात ही व्रत संपन्न होता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान शिव को पति रूप में प्राप्त करने के लिए माता पार्वती ने भी यह कठोर तपस्या और व्रत किया था।
विश्व के एकमात्र ‘सौभाग्येश्वर महादेव’ मंदिर में उमड़ी भीड़
बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन स्थित सौभाग्येश्वर महादेव मंदिर में सुबह से ही महिलाओं और कुंवारी कन्याओं की भारी भीड़ उमड़ी। यह विश्व का एकमात्र ऐसा मंदिर माना जाता है जहां विशेष रूप से सौभाग्य वृद्धि के लिए भगवान शिव का पूजन किया जाता है। महिलाओं ने भगवान सौभाग्येश्वर का जलाभिषेक व पूजन कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि और अखंड सुहाग की प्रार्थना की। वहीं, जिन कन्याओं के विवाह में अड़चन आ रही थी, उन्होंने सुयोग्य वर की प्राप्ति के लिए पूजा-अर्चना की। पूजन के उपरांत महिलाओं ने सामूहिक रूप से हरतालिका तीज की पौराणिक व्रत कथा का श्रवण किया।
ये भी पढ़ें: इच्छादेवी मंदिर में अनोखी चोरी: चोरों ने मुकुट चुराने से पहले और बाद में छुए माता के पैर, CCTV में कैद घटना
पुजारी पंडित प्रतीक जोशी ने बताया महत्व
सौभाग्येश्वर महादेव मंदिर के पुजारी पंडित प्रतीक जोशी ने बताया कि उज्जैन की पावन धरा पर स्थित सौभाग्येश्वर महादेव का विशेष धार्मिक महत्व है। यहां महिलाएं पूरे नियम और निष्ठा के साथ पूजा-अर्चना कर कथा सुनती हैं और दिनभर निर्जला उपवास रखकर अपने सुहाग की लंबी उम्र का वरदान प्राप्त करती हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



