प्रदीप मालवीय, उज्जैन। धर्मनगरी  उज्जैन में साइबर अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। शहर के खाराकुआं थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ 1 लाख रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी (Cyber Fraud) का मामला सामने आया है। शातिर ठगों ने यूपीआई (UPI) के जरिए महिला के बैंक खाते से दो बार में एक लाख रुपये पार कर दिए। पीड़िता की शिकायत और जांच के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

15 अगस्त की सुबह हुआ फ्रॉड 

मिली जानकारी के अनुसार, उज्जैन के छोटा सराफा निवासी 25 वर्षीय चंचल भीमवानी के साथ यह धोखाधड़ी हुई है। पीड़िता ने 18 अगस्त को खाराकुआं थाने में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी। महिला के मुताबिक, 15 अगस्त की सुबह करीब 10:36 बजे उनके बैंक खाते से बिना उनकी जानकारी के पैसे कट गए। महिला ने तुरंत इसकी सूचना साइबर हेल्पलाइन और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी दी थी।

2 UPI आईडी के जरिए ट्रांसफर हुए पैसे 

प्रारंभिक जांच में पुलिस ने पाया कि 15 अगस्त को महिला के खाते से UPI के माध्यम से दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन किए गए थे, जिसके जरिए कुल 1 लाख रुपये किसी अन्य खाते में ट्रांसफर कर लिए गए। फ्रॉड की पुष्टि होने के बाद खाराकुआं पुलिस ने रविवार को अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 319(2) के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है।

खातों और UPI ID की जानकारी जुटा रही पुलिस 

मामले में जानकारी देते हुए एएसपी आलोक शर्माने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। जिस UPI ID और बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर हुए हैं, उनकी विस्तृत जानकारी निकाली जा रही है। साइबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन और पहचान स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m